पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीएसएफ ने बरामद किया संदिग्ध पैकेट

13 Mar 2026 16:28:53

जम्मू, 13 मार्च (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास शुक्रवार को जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक संदिग्ध पैकेट बरामद किया है। माना जा रहा है कि इस पैकेट को एक पाकिस्तानी ड्रोन से गिराया गया था।

शुरुआती जानकारी के अनुसार यह पैकेट सीमावर्ती इलाके में मिला, जिसका वजन लगभग 1500 ग्राम था। बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमों ने तुरंत इलाके को सुरक्षित कर लिया। बरामद किए गए पैकेट को अभी तक खोला नहीं गया है। एहतियाती कदम के तौर पर पैकेट को मेटल डिटेक्टर से उचित जांच के बाद ही खोला जाएगा, ताकि इसके अंदर किसी भी विस्फोटक सामग्री की संभावना को पूरी तरह से खत्म किया जा सके। बरामद किये गए पैकेट की जांच और तकनीकी परीक्षण जारी है।

जम्मू जिले के बिश्नाह पुलिस स्टेशन के बदादुरपुर गांव के बाहरी इलाके में खेतों से बुधवार को एक जॉइंट ऑपरेशन में 12 करोड़ कीमत के हाई ग्रेड नारकोटिक्स (संदिग्ध ड्रोन ड्रॉपिंग) की भारी मात्रा बरामद की गई थी। यह इलाका भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से बस कुछ दूरी पर है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0