प्रतापगढ़ में ओपन स्टेट आमंत्रण हाकी प्रतियोगिता का हुआ शुभारम्भ, पहले दिन हुए छह मुकाबले

13 Mar 2026 20:34:53
Open State Invitation Hockey Tournament


प्रतापगढ़, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में ओपन स्टेट आमंत्रण हॉकी प्रतियोगिता का शुभारम्भ शुक्रवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने किया। खेल मैदान में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में विधायक सदर ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। प्रतियोगिता को सफल बनाने में हॉकी अम्पायरों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रतियोगिता के पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में खेल छात्रावास अयोध्या ने गोरखपुर को 4-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मैच में विवेक अकादमी वाराणसी ने प्रयागराज को 2-0 से पराजित किया। तीसरे मैच में बाराबंकी की टीम ने भदोही को 7-0 से हराया। चौथे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मेरठ को 14-0 से शिकस्त दी। पांचवें मैच में अयोध्या छात्रावास ने प्रतापगढ़ को 3-0 से हराया। वहीं छठे मुकाबले में बाराबंकी ने बिजनौर को 6-1 से पराजित किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के आगामी दिनों में भी कई रोचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

Powered By Sangraha 9.0