प्रधानमंत्री मोदी का बंगाल दौरा शनिवार को, करेंगे 18,680 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

13 Mar 2026 19:03:53
प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी (फाइल फाेटाे)


कोलकाता, 13 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर आएंगे, जहां वह कोलकाता में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और 18,680 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री सड़क, रेलवे, बंदरगाह और नौवहन क्षेत्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘परिवर्तन यात्रा’, जो एक मार्च को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)

के तहत संशोधित मतदाता सूची प्रकाशित होने के एक दिन बाद शुरू हुई थी, राज्य में लगभग 10 हजार किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है। पार्टी नेताओं के अनुसार यह यात्रा जनसंपर्क अभियान के साथ-साथ संगठन की जमीनी ताकत को परखने का प्रयास भी है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 28 फरवरी को जारी जानकारी में बताया गया कि एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से अब तक 63.66 लाख नाम हटाए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 8.3 प्रतिशत है। इससे राज्य में मतदाताओं की संख्या करीब 7.66 करोड़ से घटकर लगभग 7.04 करोड़ रह गई है।

इसके अलावा 60.06 लाख से अधिक मतदाताओं को ‘विवादाधीन’ श्रेणी में रखा गया है, जिनकी पात्रता का निर्णय आने वाले समय में कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब खबर है कि निर्वाचन आयोग अगले सप्ताह विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा कर सकता है।

सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री 420 किलोमीटर से अधिक लंबाई की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनकी कुल लागत लगभग 16,990 करोड़ रुपये है। इनमें पश्चिम बंगाल और झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 तथा पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-114 के हिस्से शामिल हैं, जिनका उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना, यात्रा समय कम करना और क्षेत्रीय संपर्क बेहतर करना है।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-116ए के तहत खड़गपुर-मोरेग्राम आर्थिक गलियारे के 231 किलोमीटर लंबे चार लेन मार्ग की पांच परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

रेलवे क्षेत्र में वह अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के छह पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे, जिनका उद्देश्य यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण करना है।

शनिवार की यह रैली वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुई उनकी जनसभा के बाद उसी स्थल पर प्रधानमंत्री की पहली सार्वजनिक सभा होगी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0