हमें हिन्दुस्तान में बदलाव लाने की राजनीति करनी है: राहुल गांधी

13 Mar 2026 19:04:53
लखनऊ में कार्यक्रम को संबोधित करते राहुल गांधी


कार्यकर्ताओं को संबोधित करते राहुल गांधी


लखनऊ, 13 मार्च (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमें हिन्दुस्तान में बदलाव लाने की राजनीति करनी है। ऐसी राजनीति करें, जिससे हिंदुस्तान के गरीबों, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को देश के पावर सेक्टर में शामिल किया जा सके। राहुल गांधी ने अमेरिका केसाथ ट्रेड डील को लेकर केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कड़े प्रहार किये।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सामाजिक परिवर्तन दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हम कांशीराम के संघर्ष, उनके विजन और भारत की राजनीति पर उनके प्रभाव को याद करते हैं और दिल से उनका धन्यवाद करते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने हमारी ऊर्जा सुरक्षा अमेरिका को सौंप दी। मोदी ने ट्रेड डील में अमेरिका को सब कुछ दे दिया, लेकिन भारत को अमेरिका से कुछ नहीं मिला। उल्टा टैरिफ ज्यादा हो गया। गांधी ने आरोप लगाया कि हिंदुस्तान का सारा डेटा अमेरिका को सौंप दिया। अमेरिका के लिए हिंदुस्तान का पूरा बाजार खोल दिया। अमेरिका से कहा गया कि हर साल 9 लाख करोड़ का सामान खरीदेंगे। अगर अमेरिका का सामान भारत आएगा तो हमारे किसानों और व्यापारियों का क्या होगा? उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील पिछले चार महीने से रुकी हुई थी, क्योंकि सरकार कृषि सेक्टर से समझौता नहीं करना चाहती थी, लेकिन संसद में मेरे भाषण के तुरंत बाद नरेन्द्र मोदी ने ट्रंप को फोन किया और ट्रेड डील के लिए हामी भर दी, जिसके बाद ट्रंप ने ट्वीट कर दिया। जो डील पिछले चार महीने से रुकी हुई थी, नरेन्द्र मोदी ने वो डील एपिस्टीन फाइल और अडानी के कारण 15 मिनट में फाइनल कर दी।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस एक गरीब पार्टी है, जबकि भाजपा अमीर पार्टी बन गई, क्योंकि नरेन्द्र मोदी ने भाजपा का पूरा फाइनेंशियल स्ट्रक्चर अडानी को सौंप दिया है। अमेरिका ने इसी फाइनेंशियल स्ट्रक्चर को पकड़ लिया और अडानी पर केस कर दिया। यह केस अडानी पर नहीं, बल्कि भाजपा पर है। इसीलिए नरेन्द्र मोदी वही कर रहे हैं, जो अमेरिका कह रहा है। नरेंन्द्र मोदी को 'ब्लैकमेल' किया जा रहा है। उन्होंने कहा संविधान वो शक्ति है, जिसने सभी देशवासियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है- समानता और सम्मान का अधिकार दिया है। हम हर कीमत पर इसकी रक्षा करते रहेंगे। नरेन्द्र मोदी 'साइकोलॉजिकली' खत्म हाे गई है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अमीर होना ही नहीं चाहती। कांग्रेस पार्टी का ये डिजाइन गांधी के समय से ही है। जिस दिन हम अमीर पार्टी बन जाएंगे, उस दिन हम भाजपा के हो जाएंगे। यह बात हमें लोकसभा चुनाव के दौरान समझ आई, जब हमारे सारे खाते फ्रीज कर दिए गए, लेकिन हमें कोई फर्क नहीं पड़ा। ऐसा इसलिए क्योंकि ये विचारधारा की पार्टी है, जिसे कोई रोक नहीं सकता। राहुल गांधी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने देश की एनर्जी सिक्योरिटी से समझौता कर दिया है, क्योंकि अब अमेरिका तय कर रहा है कि हम तेल कहां से लेंगे? मैंने संसद में एपिस्टीन का नाम लिया तो स्पीकर ने मुझे बोलने से रोक दिया। मंत्री हरदीप पुरी का नाम एपिस्टीन फाइल में है और ये एपिस्टीन के दोस्त रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरदीप पुरी की बेटी की कंपनी में जॉर्ज सोरोस का पैसा लगा है, जैसे ही मैंने संसद में ये बात रखी तो स्पीकर ने फिर मुझे बोलने से रोक दिया।

आरएसएस के बड़े पदों पर दलित, आदिवासी या पिछड़े वर्ग का व्यक्ति नहीं मिलेगा

राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में कहा कि आरएसएस के संगठन की लिस्ट निकालिए, उनके प्रचारक और संगठन के बड़े पदों पर दलित, आदिवासी या पिछड़े वर्ग का व्यक्ति नहीं मिलेगा। पहले पब्लिक अस्पताल, यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों के मैनेजमेंट में हर वर्ग के लोग चले जाते थे, लेकिन अब ऐसा संभव नहीं रहा। इंटरव्यू में जाति देखकर लोगों को बाहर कर दिया जाता है। मतलब देश के 85फीसदी लोगों से कहा जा रहा है कि ये देश आपका नहीं है। ये बात संविधान के बिल्कुल खिलाफ है। देश की संस्थाओं के बारे में पता लगाएंगे तो समझ आएगा कि उसमें 85 फीसदी की भागीदारी है ही नहीं। 500 सबसे बड़ी कंपनियों के मालिकों और मैनेजमेंट में दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोग नहीं मिलेंगे। यही हाल देश के प्राइवेट हॉस्पिटल्स, ज्युडिशरी, ब्यूरोक्रेसी, एजुकेशन सिस्टम का भी है, लेकिन अगर आप मनरेगा की लिस्ट निकालेंगे तो वहां देश की 85 फीसदी आबादी भरी मिलेगी। आज देश के ऐसे हालात हैं, जबकि संविधान सभी को समान अधिकार देने की बात करता है।

इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पाण्डेय, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस की नेता विधानमण्डल दल आराधना मिश्रा मोना, कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन डाॅ. अनिल जय हिन्द,अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन डाॅ.राजेन्द्र पाल गौतम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Powered By Sangraha 9.0