
बागेश्वर, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में रिखाड़ी-पतियासार के पास शुक्रवार को एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार आज शाम वाहन संख्या यूके -02 टीए-4-3078 अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट कपकोट की टीम मुख्य आरक्षी दिनेश पुरी के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना हुई।
उपजिलाधिकारी कपकोट अनिल चन्याल और सीओ मनीष शर्मा के अनुसार चार घायल जिला चिकित्सालय बागेश्वर पहुंच चुके हैं, जहां उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। पांचवां घायल भी एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंच गया है और उसका उपचार जारी है।घायलों में से कमल और दीपक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च उपचार के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य तीन घायल जिला चिकित्सालय बागेश्वर में उपचाराधीन हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया गया कि एसडीआरएफ के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और जिला पुलिस की सहायता से घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया था। इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने खाई में उतरकर दोनों मृतकों के शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया। पुलिस दुर्घटना के मामले की जांच कर रही है।
मृत्यु:-पानुली देवी उर्फ कउली देवी उम्र 60 वर्ष प. प्रतापराम ग्रा. खलदूनी।-सुपुली देवी उम्र 68 वर्ष पति नरपतराम ग्राम खलदूनी
घायल:-दीपक राम उम्र 31 वर्ष पु. नैनराम घायल ग्राम खलदूनी
-नीमा देवी उम्र 32 वर्ष प. दीपक राम घायल।-प्रेमा देवी उम्र 45 वर्ष प. हरीश राम घायल।-जसोदा देवी उम्र 38 वर्ष प. रमेश राम घायल।
कमल चौड़िया 38 वर्ष पुत्र शेर सिंह, घायल।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय