
नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए 100 दिन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। शुक्रवार को विज्ञान भवन में
केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने योग महोत्सव–2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री ने गैर-संचारी रोगों और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए 10 नए योग प्रोटोकॉल भी लॉन्च किया। कार्यक्रम के दौरान मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान और हाबिल्ड के बीच “योगा 365” अभियान के तहत एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत लोगों को पूरे साल मुफ्त ऑनलाइन योग सत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे योग को अपनी रोज़मर्रा की आदत बना सकें। अभियान पंजीकरण के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 भी जारी किया गया।
प्रतापराव जाधव ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन बन चुका है। योग केवल एक जीवनशैली नहीं, बल्कि मानसिक स्पष्टता, शारीरिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन प्रदान करने वाली एक शक्तिशाली साधना है। कोरोना महामारी जैसे कठिन समय में भी योग ने करोड़ों लोगों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाए रखने में मदद की।
मंत्री ने बताया कि लॉन्च किए गए 10 योग प्रोटोकॉल अलग-अलग आयु समूहों और स्वास्थ्य स्थितियों वाले लोगों के लिए तैयार किए गए हैं। इनका उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर करना है।
इस मौके पर “योग फॉर एयर ट्रैवल” नाम से एक विशेष प्रोटोकॉल भी लॉन्च किया गया। यह लगभग पांच मिनट का सरल योग अभ्यास है, जिसमें बैठकर किए जाने वाले योगासन, श्वास अभ्यास और छोटा ध्यान शामिल है। इसका उद्देश्य हवाई यात्रा के दौरान होने वाले तनाव को कम करना, रक्त संचार बेहतर करना और शरीर को आराम देना है।
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि योग को अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कई डिजिटल पहल की जा रही हैं। आयुष ग्रिड के माध्यम से एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित टूल विकसित किया गया है, जो योगाभ्यास के दौरान लोगों को उनकी सही मुद्रा बनाए रखने में मदद करेगा।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 में दुनियाभर में लगभग 26 करोड़ लोगों ने भाग लिया, जो योग की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। इसके अलावा कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध वाई ब्रेक कोर्स में अब तक 10 लाख से अधिक लोग नामांकन कर चुके हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान में कॉमन योग प्रोटोकॉल के लाइव प्रदर्शन से हुई, जिसमें 1000 से अधिक योग प्रेमियों ने हिस्सा लिया। इस प्रोटोकॉल में योगासन, प्राणायाम और ध्यान शामिल हैं, जो शरीर की लचीलापन, ताकत और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
योग महोत्सव–2026 के दौरान तीन विषयों पर विशेष तकनीकी सत्र भी आयोजित किए गए—बुजुर्गों के लिए योग, योग उद्यमिता के लिए बिज़नेस मॉडल, और योग व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस। इन सत्रों में योग, चिकित्सा और वैज्ञानिक अनुसंधान के विशेषज्ञों ने भाग लेकर योग के वैज्ञानिक और चिकित्सीय महत्व पर चर्चा की।
इस कार्यक्रम में योग गुरु, शोधकर्ता, नीति-निर्माता, अधिकारी, कॉर्पोरेट प्रतिनिधि और योग साधकों सहित लगभग 1500 लोग शामिल हुए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी