पूर्व खिलाड़ियों को कोच और मेंटर बनाकर खेलों में वापस लाना चाहिए : अनुराग ठाकुर

युगवार्ता    14-Mar-2026
Total Views |
पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा कि भारत को खेल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूर्व खिलाड़ियों को खेलों से जोड़कर कोच और मेंटर की भूमिका में लाना चाहिए।

स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजेएफआई) के गोल्डन जुबिली संस्करण के दूसरे दिन कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित कार्यक्रम में खेल पत्रकारों को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि खेल कोटे से नौकरी पाने वाले कई खिलाड़ी आज कार्यालयों में काम कर रहे हैं, जबकि उनमें से कई खेलों में लौटकर कोच या मार्गदर्शक के रूप में अधिक बड़ा योगदान दे सकते हैं। यह सम्मेलन दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन की मेजबानी में आयोजित किया गया।

ठाकुर ने प्रतिभा को निखारने के लिए संगठित खिलाड़ी विकास प्रणाली और डेटा-आधारित निगरानी की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हमें खिलाड़ियों की पूरी यात्रा को ट्रैक करने के लिए डेटा का विश्लेषण करना चाहिए, ताकि प्रतिभा की शुरुआती पहचान हो सके और उन्हें सही समर्थन के साथ तैयार किया जा सके।” उन्होंने स्पोर्ट्स साइंस और रिहैबिलिटेशन सेंटर का प्रभावी उपयोग करने की जरूरत भी बताई।

उन्होंने राज्य सरकारों से खेलों को मजबूत करने में अधिक भूमिका निभाने की अपील की और कहा कि बेहतर परिणाम के लिए राज्यों को बजट बढ़ाना, बुनियादी ढांचा विकसित करना और अधिक कोच नियुक्त करना होगा। ठाकुर ने खेल प्रशासन में संस्थागत जवाबदेही की आवश्यकता पर भी बल दिया और कहा कि नीतियों और कार्यक्रमों की निरंतर समीक्षा और सुधार जरूरी हैं।

सम्मेलन के दूसरे दिन खेल और कॉर्पोरेट जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में शिवालिका चड्ढा मलिक, मानवा सुदर्शन हुंसवाडकर और उदिता दत्ता शामिल थे।

सम्मेलन के दौरान खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हुआ। जेके बोस इंटर-जोनल टी20 क्रिकेट ट्रॉफी में रोशनारा क्रिकेट क्लब और दिल्ली पुलिस ग्राउंड पर खेले गए मैचों में नॉर्थ जोन और साउथ जोन ने जीत दर्ज की। एसी बाली टेबल टेनिस टूर्नामेंट में डीएसजेए-1 ने एसडब्ल्यूएबी-1 को हराया, जबकि एसजेएएम-1 ने टीएनएसजेए-1 को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबला सोमवार को इसी स्थल पर खेला जाएगा, जिसमेंडीएसजेए-1 के कुशन सरकार, भारत शर्मा और नॉरिस प्रीतम का सामना एसजेएएम-1 के अमोल करहाड़कर, अश्विन फेरो और अकुश धावरे से होगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags