जी. किशन रेड्डी ने डब्ल्यूसीएल में कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया

14 Mar 2026 16:00:53
डब्ल्यूसीएल के परियोजनाओं का उद्घाटन करते जी. किशन रेड्डी


नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स)। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने नागपुर में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) की अपनी दो-दिवसीय यात्रा के दौरान कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी।

कोयला मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने शुक्रवार को डब्ल्यूसीएल की यात्रा के दौरान वर्चुअल माध्यम से महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने डब्ल्यूसीएल की एक समीक्षा बैठक का संचालन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, पर्यावरणीय पहलों को बढ़ावा देना और खनन कार्यों का आधुनिकीकरण करना है।

मंत्रालय के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने आभासी माध्यम से 25 इलेक्ट्रिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेड्डी ने नागपुर के कामठी क्षेत्र में 'ब्लैक डायमंड स्पोर्ट्स स्टेडियम', वानी क्षेत्र के ताडाली में 'स्वामी विवेकानंद इको पार्क' और बल्लारपुर क्षेत्र के सास्ती ओपन कास्ट खदान में फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी परियोजना की आधारशिला भी आभासी रूप से रखी। ये परियोजनाएं क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यावरण संरक्षण और खनन कार्यों के आधुनिकीकरण को बढ़ावा देंगी।

रेड्डी ने इस दौरान कोयला उत्पादन, सुरक्षा, सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की परियोजनाओं से संबंधित डब्ल्यूसीएल के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में रेड्डी ने टीम डब्ल्यूसीएल की कार्य संस्कृति और प्रदर्शन की सराहना करते हुए चालू वित्त वर्ष में बेहतर परिणामों की उम्मीद जताई।

समीक्षा बैठक के दौरान डब्ल्यूसीएल के सीएमडी हरीश दुहान ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान डब्ल्यूसीएल की उपलब्धियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कोयला मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सनोज कुमार झा, कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम और कोयला मंत्रालय, कोल इंडिया लिमिटेड और डब्ल्यूसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

कोयला मंत्री आज मुरपार भूमिगत खदान का दौरा करेंगे और चल रही खदान बंद करने की प्रक्रिया का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे जिला कलेक्टर और खदान बंद करने संबंधी सलाहकार समिति के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में डब्ल्यूसीएल के खदान बंद करने संबंधी नोडल अधिकारी, गैर-सरकारी संगठन, सलाहकार और स्थानीय गांवों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0