
कोलकाता, 14 मार्च (हि.स.)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीज़न से पहले अपनी नई टीम जर्सी लॉन्च कर दी है। तीन बार की चैंपियन केकेआर ने इस बार जर्सी को “लाइंस ऑफ लेगेसी” थीम के साथ डिजाइन किया गया है, जिसमें टीम के इतिहास के कई यादगार पलों को खास अंदाज में दर्शाया गया है। जर्सी का डिजाइन टीम के पारंपरिक बैंगनी और सुनहरे रंग में रखा गया है, जो केकेआर की पहचान का अहम हिस्सा रहा है।
नई जर्सी के डिजाइन में टीम के इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों को रेखाओं के रूप में दिखाया गया है। इन रेखाओं में कई ऐतिहासिक पलों की झलक मिलती है। इनमें ब्रेंडन मैकुलम द्वारा 2008 में खेली गई 158 रन की ऐतिहासिक पारी और रिंकू सिंह द्वारा एक मैच के अंतिम ओवर में लगाए गए लगातार पांच छक्के जैसे यादगार क्षण शामिल हैं। इन सभी पलों को रेखाओं के रूप में जोड़कर एक अमूर्त कला शैली में “केकेआर” अक्षरों का निर्माण किया गया है। इस अनोखे डिजाइन के जरिए प्रशंसक अब अपनी पसंदीदा टीम के गौरवशाली इतिहास को जर्सी के रूप में पहन सकेंगे।
जर्सी लॉन्च के मौके पर नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने कहा कि “लाइंस ऑफ लेगेसी” केकेआर की शानदार यात्रा और विरासत को दर्शाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जर्सी में बनी हर रेखा टीम के किसी खास और गौरवपूर्ण पल का प्रतीक है, जिसने मिलकर केकेआर की पहचान बनाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी सत्र में टीम अपनी इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए नए यादगार क्षण जोड़ेगी।
नई जर्सी को पेश करने के लिए सोशल मीडिया पर एक विशेष रचनात्मक अभियान भी चलाया गया। इस अभियान का समापन एक वीडियो फिल्म के साथ किया गया, जिसमें अभिनेता रजत बेदी और कॉमेडियन अनिर्बान दासगुप्ता समेत कोलकाता के कई लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स नजर आए।
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य विपणन अधिकारी बिंदा डे ने बताया कि “क्या लाइन है?” अभियान के जरिए टीम की विरासत और उसके यादगार पलों को रोचक और मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत किया गया है, ताकि प्रशंसक भी इस कहानी का हिस्सा बन सकें।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे