ईरान ने इजराइल पर दागीं 1400 से अधिक मिसाइलें, यरुशलम में धमाके, इलात में दो लोग घायल

14 Mar 2026 21:52:53

यरुशलम, 14 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच ईरान ने इजराइल पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला किया। रिपोर्टों के अनुसार कुछ ही मिनटों के अंतराल में लगभग 1430 मिसाइलें इजराइल के उत्तर, मध्य और दक्षिणी इलाकों की ओर दागी गईं। इस हमले के बाद राजधानी यरुशलम समेत कई शहरों में धमाकों की आवाज सुनी गई और हवाई हमले के सायरन बजने लगे।

इजराइली सेना के मुताबिक मिसाइलों का पता लगते ही देश के एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया और कई मिसाइलों को हवा में ही इंटरसेप्ट करने की कोशिश की गई। इसके बावजूद दक्षिणी इजराइल के कुछ इलाकों में मिसाइलों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

दक्षिणी शहर इलात में हमले के दौरान क्लस्टर म्यूनिशन के इस्तेमाल से कई स्थानों पर नुकसान की घटनाएं हुईं। आपात सेवा मागेन डेविड अडोम (एमडीए) के अनुसार मिसाइल गिरने से सड़क के बीच लगभग दो मीटर चौड़ा गड्ढा बन गया।

एमडीए के प्रवक्ता ने बताया कि हमले के बाद राहतकर्मी घायलों को उपचार दे रहे हैं। दो लोगों को छर्रों से चोट लगने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक 12 वर्षीय लड़का शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बताई गई है, हालांकि वह होश में है और उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। वहीं 39 वर्षीय एक व्यक्ति को सिर और हाथ-पैर में चोट लगी है और उसकी हालत मध्यम बताई गई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए योसेफटल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

हमले के बाद तेल अवीव, यरुशलम और उत्तरी इजराइल के कई इलाकों में सायरन बजाए गए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई।

इसी बीच लेबनान स्थित सशस्त्र संगठन हिजबुल्लाह ने भी उत्तरी इजराइल की ओर रॉकेट दागने का दावा किया है। संगठन ने कहा कि उसने गोरेन क्षेत्र की ओर रॉकेट दागे और मआलोत-तर्शीहा इलाके में इजराइली एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाने की कोशिश की।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस हमले ने पश्चिम एशिया में पहले से जारी तनाव को और गंभीर बना दिया है। लगातार हो रहे मिसाइल और रॉकेट हमलों से क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ गई है, जिससे वैश्विक सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0