
नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेकर 6,041 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और डिप्लोमा की डिग्रियां प्रदान किए जाने पर उन्हें बधाई दी।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि
भारत के अमृत काल के दूसरे चरण में पेशेवर जीवन में प्रवेश करने वाले युवाओं के पास विकसित भारत 2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण अवसर और जिम्मेदारी दोनों हैं। उन्होंने छात्रों से समाज के प्रति समर्पण और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दशक में भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, चिकित्सा शिक्षा और सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में व्यापक विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि देश में एम्स की संख्या 6 से बढ़कर 23 हो गई है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत ने क्षय रोग (टीबी) की घटनाओं में 21 प्रतिशत की कमी दर्ज की है, जो वैश्विक औसत से अधिक है। साथ ही, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक वित्तीय सुरक्षा के साथ पहुंच मिली है।
दीक्षांत समारोह में 2024–25 सत्र में 156 पदक विजेताओं में से 112 छात्राएं थीं, जो शिक्षा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्टता को दर्शाता है।
नड्डा ने तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए चिकित्सा और संबद्ध स्वास्थ्य क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने में संस्थान के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा संचालित लगभग 150 शैक्षणिक कार्यक्रमों में से लगभग 60 प्रतिशत चिकित्सा और संबद्ध स्वास्थ्य विषयों को समर्पित हैं, जो देश के लिए सक्षम और कुशल स्वास्थ्य सेवा कार्यबल तैयार करने पर विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नड्डा ने पिछले एक दशक में भारत के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में हुए परिवर्तनकारी बदलावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे का विस्तार करने, चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने और देश भर में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच में सुधार करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी