क्षेत्र में विकास और प्रगति का पहिया निरंतर बढ़ रहा है आगे: ज्योतिरादित्य सिंधिया

14 Mar 2026 22:44:53
सामाजिक अधिकारिता शिविर में केंद्रीय मंत्री


सिंधिया ने बजरंगगढ़ में सुनी आमजन की समस्या


सामाजिक अधिकारिता शिविर में केंद्रीय मंत्री ने 1928 वरिष्ठजन-दिव्यांगजन को 8562 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए

भोपाल, 14 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जब जनसेवक के रूप में जिम्मेदारी का दायित्व लिया जाता है, तो क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्थिति में कार्य करना पड़ता है। क्षेत्र में विकास और प्रगति का पहिया निरंतर आगे बढ़ रहा है। सड़क, ट्रांसफार्मर और सब-स्टेशन जैसी अनेक विकास योजनाएं जनता के हित में संचालित की जा रही हैं।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शनिवार को मध्य प्रदेश के गुना में जलसा गार्डन आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिले में दिसंबर 2024 से जनवरी 2026 के मध्य आयोजित विभिन्न सामाजिक अधिकारिता शिविरों में चिन्हित कुल 1928 वरिष्ठजन एवं दिव्यांगजनों को 8562 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी कुल लागत 168.45 लाख रुपये है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने हितग्राहियों से आत्मीय संवाद किया तथा स्वयं उनके पास जाकर सहायक उपकरण वितरित किए और उनका हालचाल भी जाना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुना की पावन धरती पर इस प्रकार का कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है। दिव्यांगजन और वरिष्ठजन समाज के सम्मानित सदस्य हैं और उनकी सेवा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। एक जनसेवक का कर्तव्य है कि वह हर परिस्थिति में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाए।

सिंधिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब भी वे गुना के सर्किट हाउस में रुकते हैं, तो सुबह जनसंपर्क के दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर अनेक लोग उनसे मिलने आते हैं। इन मुलाकातों में कई बार विशेष क्षमता वाले उनके परिजन भी शामिल होते हैं, जिनसे वे जमीन पर बैठकर उनके जीवन और समस्याओं पर चर्चा करते हैं और उनके समाधान का प्रयास करते हैं। कार्यक्रम में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक एवं कठपुतली के माध्यम से नशे से होने वाले विभिन्न दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत और विधायक पन्नालाल शाक्य ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्र महेन्द्र सिंह सिसौदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, उपाध्यक्ष सारिका लुम्बा, नगरपालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, उपाध्यक्ष धर्म सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।

33/11 केव्ही विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को गुना जिले के श्यामपुर ग्राम में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के 33/11 केव्ही, 5 एमवीए क्षमता के विद्युत उपकेंद्र कोंतर (श्यामपुर) का लोकार्पण किया। इस विद्युत उपकेंद्र के निर्माण पर लगभग 2.18 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके प्रारंभ होने से आसपास के 16 गांवों के लगभग 12 हजार लोगों को बेहतर एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि उन्होंने 25 वर्ष पूर्व एक संकल्प लिया था कि जब भी वे क्षेत्र की जनता के बीच आएंगे तो उनके विकास के लिए कुछ न कुछ लेकर ही आएंगे और कभी खाली हाथ नहीं आएंगे। क्षेत्र के लोगों का विकास, उनकी प्रगति, सुख-समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना उनके लिए केवल जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि धर्म है। महिलाएं सशक्त होंगी तो समाज और देश भी आगे बढ़ेगा। उन्होंने माताओं-बहनों से आग्रह किया कि वर्तमान में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, इसलिए 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराया जाए। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की संभावना को कम करने में सहायक है।

प्रधानमंत्री आवासों का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्राम कोंतर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आवासों की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और यह भी देखा कि कई आवासों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा दीवारों पर सुंदर चित्रकारी की गई है, जिससे आवास परिसर का वातावरण स्वच्छ एवं आकर्षक दिखाई देता है। केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद हितग्राहियों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की तथा योजनाओं से मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त की।

समृद्धि ग्राम उमरी–आरी में ‘समृद्धि केंद्र’ का लोकार्पण

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को गुना के समृद्धि ग्राम उमरी–आरी में स्थापित ‘समृद्धि केंद्र’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र में लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन करते हुए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनियों के माध्यम से बताया गया कि समृद्धि केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएं, कृषि सेवाएं, डिजिटल व्यापार, ई-गवर्नेंस तथा सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यों के लिए विभिन्न स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जानकारी दी गई कि इस नवाचार के लिए देशभर से केवल तीन गांवों का चयन किया गया है, जिनमें उमरी–आरी भी शामिल है। मध्य प्रदेश से यह एकमात्र चयनित ग्राम है। इस प्रयोग की सफलता के बाद इस मॉडल को अन्य गांवों में भी विस्तार दिए जाने की संभावना है।

समृद्धि केंद्र के माध्यम से शिक्षा एवं कौशल विकास, कृषि सहायता, स्वास्थ्य एवं टेलीमेडिसिन, ई-गवर्नेंस सेवाएं, वित्तीय समावेशन, ई-कॉमर्स, डिजिटल कनेक्टिविटी, निगरानी एवं सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह केंद्र लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित आसपास के गांवों को भी सेवाएं प्रदान करेगा तथा विभिन्न सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय परिस्थितियों का प्रतिनिधित्व करेगा।

आधुनिक तकनीकों का किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने समृद्धि केंद्र की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, नेटवर्क रूम और कॉन्फ्रेंस रूम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा केंद्र की कार्यप्रणाली को समझा। इस दौरान उन्होंने एआर (ऑगमेंटेड रियलिटी) और वीआर (वर्चुअल रियलिटी) तकनीक का अवलोकन करते हुए डिजिटल माध्यम से जानकारी के प्रस्तुतीकरण को देखा। साथ ही उन्होंने ड्रोन तकनीक के उपयोग और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बजरंगगढ़ में सुनी आमजन की समस्या

इससे पहले केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बजरंगगढ़ स्थित डाइट भवन में आयोजित कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

सिंधिया ने क्रमवार नागरिकों की समस्याएं सुनीं। आमजन की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी, जिससे लोग सहज रूप से अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकें और अपनी बात रख सकें। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित नागरिकों को पौधरोपण के लिए पौधे तथा पक्षियों के लिए सकोरे भी भेंट किए। इस दौरान प्राप्त कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0