अमेरिका–द.कोरिया सैन्य अभ्यास के बीच उ.कोरिया ने 10 से अधिक मिसाइलों का किया परीक्षण

14 Mar 2026 16:46:53
जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा साेशल मीडिया पर जारी संदेश


दकिण कोरिया के रका मंत्रालय द्वारा जारी चित्र्ष


सियोल/टोक्यो, 14 मार्च (हि.स.)। पूर्वी एशिया में अमेरिका और दक्षिणी कोरिया के बीच चल रहे सैन्य अभ्यास के बीच उत्तर कोरिया ने कम दूरी की 10 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया। इन परीक्षणों को लेकर दक्षिण कोरिया और जापान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्रीय संप्रभुता पर हमला माना है।

दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार ये मिसाइलें राजधानी प्योंगयांग के पास से जापान सागर की दिशा में लॉन्च की गईं। जापान कोस्ट गार्ड ने कहा है कि इनमें से एक मिसाइल संभवतः जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर समुद्र में गिरी। घटना के बाद जापान और दक्षिण कोरिया ने निगरानी बढ़ा दी है और अमेरिका के साथ मिलकर हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है।

जापान के लोक प्रसारक एनएचके और विभिन्न मीडिया रिपाेर्टस के अनुसार उत्तर कोरिया ने शनिवार को समुद्र की ओर 10 से अधिक कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार ये मिसाइलें राजधानी प्योंगयांग के पास सुनान इलाके से स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:20 बजे जापान सागर की दिशा में लॉन्च की गईं।

जापान कोस्ट गार्ड ने बताया कि उसने एक ऐसी वस्तु देखी जो संभवतः बैलिस्टिक मिसाइल थी और जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) के बाहर समुद्र में गिर गई। जापान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस घटना में फिलहाल किसी नुकसान की खबर नहीं है।

घटना के बाद जापान सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय में संकट प्रबंधन केंद्र में आपात बैठक बुलाई। संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों के अधिकारी स्थिति की जानकारी जुटा रहे हैं और संभावित नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि सेना ने निगरानी बढ़ा दी है और वह अमेरिका तथा जापान के साथ मिलकर जानकारी साझा कर रही है। सेना किसी भी संभावित अतिरिक्त लॉन्च की स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस सैन्य अभ्यास को लेकर अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने कहा है कि यह अभ्यास पूरी तरह रक्षात्मक है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए तैयारी को मजबूत करना है। हालांकि, उत्तर कोरिया लंबे समय से इन अभ्यासों को अपने खिलाफ हमले का पूर्वाभ्यास बताता रहा है।

उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग-उन की बहन किम यो-जोंग ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया की संयुक्त सैन्य ड्रिल की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सैन्य अभ्यास करना, जब वैश्विक सुरक्षा पहले से ही अस्थिर है, क्षेत्रीय स्थिरता को कमजोर करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि उत्तर कोरिया की सुरक्षा को चुनौती देने वाले कदम के भयानक परिणाम हो सकते हैं।

उत्तर कोरिया पिछले दो दशकों से परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलों के विकास पर काम कर रहा है। इसी वजह से 2006 से उस पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कई प्रतिबंध लगा रखे हैं। इसके बावजूद प्योंगयांग अपने परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को जारी रखे हुए है।

पश्चिम एशिया में पिछले 15 दिनों से जारी सैन्य संघर्ष के बीच विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया का मिसाइल परीक्षण और क्षेत्र में चल रहे सैन्य अभ्यास पूर्वी एशिया में भी सैन्य संघर्ष का कारण बन सकते हैं।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0