राष्ट्रीय ओपन जंप्स प्रतियोगिता में मप्र के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

युगवार्ता    14-Mar-2026
Total Views |
खिलाड़ी देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार


- पोल वॉल्ट में देव मीणा और कुलदीप ने 5.25 मीटर की छलांग लगाकर कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए किया क्वालीफाई

- आदित्य रघुवंशी ने हाई जंप में जीता रजत पदक

भोपाल, 14 मार्च (हि.स.)। बेंगलुरु में आयोजित 5वीं राष्ट्रीय ओपन जंप प्रतियोगिता में शनिवार को मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में शनिवार को हुई पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने 5.25 मीटर की शानदार छलांग लगाते कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करने की उपलब्धि हासिल की। वहीं, अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आदित्य रघुवंशी ने पुरुष हाई जंप स्पर्धा में 2.13 मीटर की शानदार छलांग लगाकर रजत पदक हासिल किया।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में आयोजित होंगे, जिसमें मप्र के इन खिलाड़ियों को भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इन खिलाड़ियों की सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासित प्रशिक्षण और अकादमी द्वारा प्रदान की जा रही उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं का परिणाम है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इस तरह का प्रदर्शन मध्य प्रदेश के खेल वातावरण और उभरती प्रतिभाओं की क्षमता को दर्शाता है।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदेश की खेल नीतियों और खिलाड़ियों को प्रदान की जा रही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम है।

उन्होंने कहा कि पोल वॉल्ट में देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार का कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह प्रदेश की एथलेटिक्स प्रतिभा के अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की संभावनाओं को भी सशक्त करता है। मंत्री सारंग ने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags