
कोलकाता, 14 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अब राज्य के लोगों के दिलों में यह बात छप चुकी है कि बंगाल की “निर्मम सरकार” का अंत होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव का माहौल बन चुका है और इसे कोई नहीं रोक सकता।
प्रधानमंत्री ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत बंगाली भाषा में लोगों का अभिवादन करते हुए की। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, मैं अपने दिल की गहराइयों से आपको हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उमड़ी विशाल भीड़ इस बात का प्रमाण है कि आज बंगाल क्या सोच रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह और जोश स्पष्ट रूप से दिखाता है कि राज्य में परिवर्तन की इच्छा मजबूत हो चुकी है।
मोदी ने कहा कि ब्रिगेड मैदान का इतिहास इस बात का गवाह रहा है कि जब-जब बंगाल ने देश को दिशा दी है, तब-तब यह मैदान बंगाल की आवाज बना है। अंग्रेजी शासन के खिलाफ इसी मैदान से उठी आवाज पूरे देश में क्रांति बन गई थी और अंततः अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का अंत हुआ था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक बार फिर इसी मैदान से “नए बंगाल की क्रांति” का बिगुल बज चुका है। बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और लोगों के दिलों में भी दर्ज हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब बंगाल से “महाजंगलराज” का खात्मा होगा और राज्य में कानून का राज स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के हर कोने से आवाज उठ रही है- “चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार।”
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने रैली में आने वाले लोगों को “चोर” कहकर अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि असली चोर कौन है, यह बंगाल की जागरूक जनता अच्छी तरह जानती है।
मोदी ने कहा कि अपनी सत्ता जाते हुए देखकर राज्य की सरकार बौखला गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तमाम कोशिशों के बावजूद टीएमसी सरकार लोगों को इस रैली में शामिल होने से नहीं रोक पाई।
उन्होंने कहा कि बंगाल में “महाजंगलराज” लाने वालों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और वह दिन दूर नहीं जब राज्य में फिर से कानून का राज स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि जो भी कानून तोड़ेगा या अत्याचार करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों से हिसाब लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवर्तन की यह आंधी अब रुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए को “महिषासुर मर्दिनी” का आशीर्वाद प्राप्त है और वे महान विभूतियों के सपनों का बंगाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानन्द, सुभाष चन्द्र बोस, बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय, रवीन्द्रनाथ टैगोर, ईश्वर चन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी, भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार न तो खुद काम करती है और न ही दूसरों को काम करने देती है। उन्होंने कहा कि राज्य में केंद्र सरकार की कई योजनाएं लागू नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि टीएमसी सरकार हटती है तो हर गरीब को पक्का घर मिलना शुरू हो जाएगा और यह “मोदी की गारंटी” है।
मोदी ने कहा कि पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब टीएमसी- इन सभी सरकारों ने राज्य में शासन किया, लेकिन विकास की गति रुकती चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सरकारों के दौरान राज्य में उद्योग-धंधे बंद होते गए और रोजगार के अवसर कम होते गए।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार के शासन में नौकरियां खुलेआम बेची जा रही हैं। अब समय आ गया है कि इस स्थिति को बदला जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बंगाल के युवाओं को राज्य में ही रोजगार और अवसर मिलें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब बंगाल पूरे देश की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति का नेतृत्व करता था, लेकिन आज स्थिति यह है कि यहां के युवाओं को न तो उचित शिक्षा के अवसर मिल पा रहे हैं और न ही रोजगार। इसके कारण कई युवाओं को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य ऐसा बंगाल बनाना है जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर मिलें तथा राज्य फिर से देश की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभाए।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार