एमएसपी और किसानों के मुद्दे पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा

युगवार्ता    14-Mar-2026
Total Views |
राहुल गांधी (फाइल फाेटाे)


नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर केंद्र सरकार पर किसानों से किया गया वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 2021 में किसानों से सी2+50 प्रतिशत के आधार पर कानूनी एमएसपी देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया।

राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर लोकसभा में पूछे गए प्रश्न को साझा करते हुए सरकार से पूछा था कि क्या सरकार ने 2021 में विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों से यह वादा किया था कि सभी फसलों के लिए विधिक गारंटी वाला न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू किया जाएगा? उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया है तो सरकार द्वारा इसे लागू न कर पाने के क्या कारण हैं? साथ ही सरकार से पूछा कि क्या सरकार ने देश में उत्पादन घाटे का सामना कर रही कुछ दालों और तिलहन जैसी फसलों की सीधी खरीद पर विचार किया है और यदि किया है तो उससे संबंधित विवरण क्या है।

राहुल गांधी ने सरकार पर आराेप लगाते हुए कहा कि वह इन प्रश्नों का स्पष्ट उत्तर देने से बच रही है और किसानों से किया वादा पूरा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों और एमएसपी व्यवस्था की रक्षा के लिए संसद के भीतर और बाहर आवाज उठाती रहेगी। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags