ट्रम्प ने अमेरिकी विमानों पर हमले की खबरों को बताया भ्रामक, कहा- ज्यादातर विमान सुरक्षित

14 Mar 2026 20:12:53

वॉशिंगटन, 14 मार्च (हि.स,)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर अमेरिकी विमानों को हुए नुकसान से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि स्थिति को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि हाल के दिनों में ईरान की ओर से किए गए हमले में अमेरिकी वायुसेना के रिफ्यूलिंग विमानों को पूरी तरह नष्ट नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेस पर कुछ दिन पहले हमला जरूर हुआ था, लेकिन विमानों को उतना नुकसान नहीं पहुंचा जितना कुछ रिपोर्टों में बताया गया।

ट्रम्प के अनुसार पांच विमानों में से चार को लगभग कोई नुकसान नहीं हुआ और वे दोबारा सेवा में लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक विमान को अपेक्षाकृत थोड़ा अधिक नुकसान पहुंचा था, लेकिन उसे भी जल्द ही उड़ान के लिए तैयार कर लिया जाएगा।

इससे पहले अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से खबर दी थी कि हमले में अमेरिकी वायुसेना के टैंकर विमानों को नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट में कहा गया था कि विमान पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं और उनकी मरम्मत की जा रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि इस हमले में किसी की मौत नहीं हुई।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सऊदी अरब स्थित सैन्य ठिकानों पर किसी भी प्रकार का हमला क्षेत्रीय हालात को और जटिल बना सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0