

नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस ने भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते और केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों के विरोध में 16 मार्च को संसद घेराव का ऐलान किया है। संगठन पहले जंतर मंतर पर प्रदर्शन करेगा इसके बाद घेराव करेगा।
युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा, राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली सह-प्रभारी कृष्ण हरि तथा सह-प्रभारी हैवरन कंसाना मौजूद रहे। अक्षय लाकड़ा ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हाल ही में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान प्रदर्शन किया था, जिसे उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकार बताया। अदालतों ने भी माना कि लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन का अधिकार हर नागरिक को है।
लाकड़ा ने कहा कि इस समझौते से देश का डेटा अमेरिका को सौंपने का खतरा है, जिससे किसानों और वस्त्र उद्योग को भारी नुकसान हो सकता है। इस मुद्दे पर युवा कांग्रेस ने एआई समिट में विरोध दर्ज किया था। प्रदर्शन के बाद कुछ कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया, लेकिन संगठन पीछे नहीं हटा। फिलहाल कोई भी कार्यकर्ता न्यायिक या पुलिस हिरासत में नहीं है।
लाकड़ा ने कहा कि 16 मार्च को जंतर-मंतर पर केंद्र सरकार की नीतियों और खासकर भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन होगा। इसमें देशभर से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
राष्ट्रीय सचिव हैवरन कंसाना ने दावा किया कि देश के विभिन्न मुद्दों पर अब तक कई आंदोलन हुए हैं, लेकिन आगामी प्रदर्शन सबसे बड़ा होगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर