भाजपा की सरकार में एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा : अमित शाह

15 Mar 2026 16:25:53
गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित भाजयुमो की युवा शक्ति समारोह में मंच पर उपस्थित अमित शाह एवं अन्य वरिष्ठ नेता


गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित भाजयुमो की युवा शक्ति समारोह उपस्थित केंद्रीय मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया


गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित भाजयुमो की युवा शक्ति समारोह उपस्थित भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या एवं  भाजपा के नेता


गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित भाजयुमो की युवा शक्ति समारोह उपस्थित युवा


- भाजयुमो के आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री ने विकास, नौकरी और शांति की प्रतिबद्धताओं को मजबूत करने के लिए भाजपा को वोट देने का किया आह्वान

गुवाहाटी, 15 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), असम प्रदेश के सौजन्य से गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित 'युवा शक्ति समारोह' में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार काे कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए राज्य में घुसपैठियों का संरक्षण करने का आरोप लगाया, साथ ही राज्य के सामूहिक विकास के लिए भाजपा को वोट देने का आह्वान किया। रविवार को राज्य के 1.5 लाख से अधिक युवाओं को गृह मंत्री ने संबोधित करते हुए उपरोक्त आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और दरंग-उदालगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र से सांसद दिलीप सैकिया, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा और प्रदेश भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद एवं विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

भाजयुमो के इस कार्यक्रम के जरिए आज राज्य के प्रत्येक जिले के युवा मतदाताओं ने भाजपा की चुनावी रणभेरी बजाई। असम के विकास और उत्थान की यात्रा में युवा शक्ति के संकल्प को दृढ़ करने के लिए यह युवा शक्ति समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि असम की युवा शक्ति के इस महासमागम ने राज्य में भाजपा के जनसमर्थन की मजबूत तस्वीर पेश की है।

उन्होंने उल्लेख किया कि कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने उन्हें फोन करके युवाओं के सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत की कोई भी राजनीतिक पार्टी इस तरह का विशाल युवा सम्मेलन आयोजित नहीं कर सकी है। उन्होंने असम के युवाओं के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की।

अमित शाह ने कहा कि हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम में विकास की प्रक्रिया जारी है। शाह ने दावा किया कि असम सरकार ने किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना लगभग 1 लाख 65 हजार नौकरियां प्रदान की हैं, जो राज्य के इतिहास में एक उल्लेखनीय कदम है।

समारोह में बोलते हुए उन्होंने कांग्रेस दल की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दिनों में चाय बागान के श्रमिकों की मजदूरी 94 रुपये थी। भाजपा के दिनों में हिमंत बिस्व सरमा सरकार ने इसे 280 रुपये तक बढ़ा दिया। कांग्रेस अपने लोगों के बारे में सोचती है, भाजपा असम के बारे में सोचती है। गृह मंत्री के अनुसार कांग्रेस के शासनकाल में असम की भाषा और संस्कृति (जाति, माटी, भेटी) का सम्मान नहीं किया जाता था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक वीर लचित बरफूकन का गौरव विश्व के सामने उज्जवल रूप से प्रस्तुत किया गया है।

अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार के समय लगभग 10,800 हथियारबंद लोगों ने आत्मसमर्पण किया है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में शांति और अनुशासन मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि घुसपैठियों के कब्जे वाली बड़ी मात्रा में भूमि को मुक्त कराया गया है और आने वाले समय में यह अभियान जारी रहेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य में अवैध घुसपैठ को लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि भाजपा की अगली सरकार में एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को घुसपैठियों की सरंक्षक करार दिया।

उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी कुछ नहीं कह सकते, भागते फिरते हैं और जहां भारत की ताकत देखने के लिए दुनिया से लोग आते हैं, वहां राहुल गांधी विरोध करते हैं। भारत के एआई शिखर सम्मेलन की पूरी दुनिया में प्रशंसा की गई, उस सम्मेलन का कांग्रेस ने विरोध किया। मोदी और भाजपा का विरोध करते-करते राहुल गांधी भारत का विरोध करने लगे हैं। राहुल गांधी के इस कार्य की निंदा अमित शाह ने की। उन्होंने कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते राहुल गांधी देश की निंदा करने लगे हैं।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने असम की जनता से एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया और कहा कि यह सरकार विकास और पारदर्शिता के वादे पर अटल रहेगी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Powered By Sangraha 9.0