डीआरआई ने जब्त किया दिल्ली-कोलकाता में 14.13 करोड़ का माल, छह गिरफ्तार

युगवार्ता    15-Mar-2026
Total Views |
डीआरआई


दिल्ली और कोलकाता में डीआरआई की कार्रवाई में जब्त किया गया विदेशी सोना, चांदी और नकदी।


नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली और कोलकाता में सक्रिय विदेशी सोने की तस्करी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही सोना, चांदी और भारतीय मुद्रा सहित कुल 14.13 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

एजेंसी ने बताया कि तस्करी कर लाए गए विदेशी सोने को रेल मार्ग से दिल्ली लाया जाता था। यहां अवैध इकाइयों में उसे पिघलाकर उस पर मौजूद पहचान चिह्न मिटा दिए जाते थे और फिर स्थानीय बुलियन बाजार में गुप्त रूप से बेचा जाता था।

कार्रवाई के दौरान कुल 8286.81 ग्राम सोना, जिसकी कीमत 13.41 करोड़ है, 7350.4 ग्राम चांदी जिसकी कीमत 19.67 लाख है और 51,74,100 की भारतीय मुद्रा जब्त की गई। यह कार्रवाई सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के प्रावधानों के तहत की गई है।

खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने कोलकाता से ट्रेन द्वारा आए एक यात्री को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रोका। उसके पास विदेशी मार्क वाला सोना मिला जिसे स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति को सौंपा जाना था। अधिकारियों ने सोना लेकर आए व्यक्ति और रिसीवर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ के आधार पर दिल्ली में कई स्थानों पर छापेमारी की गई। यहां एक अवैध सोना पिघलाने की इकाई का पता चला जहां विदेशी सोने को पिघलाकर उसके निशान मिटाए जाते थे। परिसर से अतिरिक्त सोना, चांदी और नकदी बरामद की गई। इस इकाई का प्रबंधक भी गिरफ्तार किया गया।

जांच आगे बढ़ने पर मामला कोलकाता तक पहुंचा। यहां गिरोह के मास्टरमाइंड का पता एक अन्य अवैध मेल्टिंग यूनिट में चला। उसके पास से भी पिघलाया गया सोना बरामद हुआ। मास्टरमाइंड और दो कैरियर को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि तस्करी कर लाया गया विदेशी सोना पिघलाकर उसकी पहचान मिटाई जाती थी और फिर उसे रेल मार्ग से दिल्ली भेजकर बाजार में खपाया जाता था।

तस्करी, परिवहन, पिघलाने और सोने की बिक्री से जुड़े सभी 6 आरोपितों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags