तेल सप्लाई स्थिर रखने के लिए 40 करोड़ बैरल रिजर्व जारी करेगा आईईए

15 Mar 2026 23:37:53

पेरिस, 15 मार्च (हि.स.)। वैश्विक तेल आपूर्ति पर बढ़ते दबाव के बीच अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने आपातकालीन भंडार से लगभग 40 करोड़ बैरल कच्चा तेल बाजार में जारी करने का फैसला किया है। एजेंसी का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति को सामान्य बनाए रखना और कीमतों में संभावित अस्थिरता को कम करना है।

आईईए के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, खासकर इजराइल, ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के कारण तेल आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए एजेंसी के सदस्य देशों ने मिलकर अपने रणनीतिक भंडार से बड़ी मात्रा में तेल जारी करने का निर्णय लिया है।

एजेंसी ने बताया कि एशिया और ओशिनिया क्षेत्र में मौजूद तेल भंडार से आपूर्ति तुरंत शुरू की जाएगी, ताकि बाजार में मांग और सप्लाई के बीच संतुलन बना रहे। वहीं अमेरिका और यूरोप के रणनीतिक भंडार से तेल की आपूर्ति मार्च के अंत तक शुरू होने की संभावना है।

आईईए के अधिकारियों का मानना है कि यह कदम वैश्विक ऊर्जा बाजार में स्थिरता बनाए रखने और संभावित आपूर्ति संकट को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सदस्य देश स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0