ओडिशा : 11 हार्डकोर माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

15 Mar 2026 18:54:53
कलाहांडी में 11 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण


माओवादी विचारधारा कमजोर पड़ रही : डीजीपी

भुवनेश्वर, 15 मार्च (हि.स.)। वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अभियान में ओडिशा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कालाहांडी जिला मुख्यालय भवानीपटना की रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में 11 हार्डकोर माओवादियों ने पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया के सामने हथियार डाल दिए।

आत्मसमर्पण करने वालों में नकुल नामक माओवादी भी शामिल है, जो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की ओडिशा राज्य समिति का डिविजनल कमेटी सदस्य था और जिस पर 22 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वाले समूह में एक डिविजनल कमेटी सदस्य, पांच एरिया कमेटी सदस्य और पांच पार्टी सदस्य शामिल हैं। इन सभी पर कुल मिलाकर 63.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि आत्मसमर्पण के साथ इन माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।यह आत्मसमर्पण क्षेत्र में माओवादी विचारधारा के कमजोर पड़ने का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विशेष अभियान चला रही सुरक्षा एजेंसियों—स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, जिला स्वयंसेवी बल, सीआरपीएफ और बीएसएफ को दिया।

उन्होंने आश्वासन दिया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादियों को राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण और पुनर्वास की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।

इस अवसर पर एडीजी (एंटी-नक्सल ऑपरेशंस) संजीब पंडा , आईजी सीआरपीएफ ए.एन सिन्हा , आईजी ऑपरेशंस दीपक कुमार , डीआईजी एसआईडब्ल्यू अखिलेश्वर सिंह , डीआईजी कोरापुट विशाल सिंह , कालाहांडी एसपी नागराज दावरकोंडा , रायगढ़ा एसपी स्वाती एस.कुमार और कंधमाल एसपी हरिश बी सी सहित पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Powered By Sangraha 9.0