नेपाल के गोरखा जिले में बस हादसा, सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत

युगवार्ता    15-Mar-2026
Total Views |
गोरखा जिले में हुई दुर्घटना


काठमांडू, 15 मार्च (हि.स.)। नेपाल के गोरखा जिले में शनिवार देररात हुए बस हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। 14 तीर्थयात्री मनकामना मंदिर के दर्शन कर माइक्रो बस (बागमती प्रदेश 006 ब 8430) से लौट रहे थे। यह बस शहीद लखन गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

गोरखा जिला पुलिस अधीक्षक भरत बहादुर के अनुसार बस में सवार 14 लोगों में से सात की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। अन्य सात गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि बस सड़क किनारे लगभग 200 मीटर नीचे ढलान में गिर गई। वाहन में चालक और सह चालक को छोड़कर बाकी सभी यात्री भारतीय नागरिक थे। हादसे की सूचना मिलते ही गोरखा स्थित सशस्त्र पुलिस बल नेपाल की 29वीं बटालियन की बचाव टीम और जिला पुलिस कार्यालय गोरखा के पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया।

नेपाल पुलिस ने मृतकों की सूची जारी की है। इनमें से किसी के भी प्रदेश का जिक्र नहीं है। यह सूची इस प्रकार है- मुतु कुमार, 58 वर्ष, पुरुष, अनामलिका, 58 वर्ष, महिला, मीनाक्षी, 59 वर्ष, महिला, शिवगामी, 53 वर्ष, महिला, विजयाल, 57 वर्ष, पुरुष, मीणा, 58 वर्ष, महिला, तमिलारेशी 60 वर्ष, महिला। पुलिस का कहना है कि इनके दक्षिण भारतीय होने की संभावना है।

भरतपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती घायल भारतीय नागरिकों की सूची इस प्रकार है- सोरनम, 62 वर्ष, पुरुष, मंगदा जलम, 65 वर्ष, महिला, सुभद्रा, 75 वर्ष, महिला, मायला, 65 वर्ष महिला, सरोजा, 73 वर्ष,महिला, भाग्यलक्ष्मी, 65 वर्ष, महिला, मीनाक्षी, 34 वर्ष, महिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags