कतर एयरवेज की दोहा काठमांडू विशेष उड़ान फिर शुरू होगी

युगवार्ता    15-Mar-2026
Total Views |
कतर एयरवेज


काठमांडू, 15 मार्च (हि.स.)। मध्यपूर्व क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। इसी बीच कतर की राजधानी दोहा से काठमांडू तक उड़ान संचालन होने वाली है।

कतर एयरवेज के अनुसार 16 और 17 मार्च को दोहा–काठमांडू उड़ान संचालित की जाएगी। इसी तरह 17 और 18 मार्च को काठमांडू–दोहा उड़ान का भी समय निर्धारित किया गया है। नेपाल से कतर जाने वाले या दोहा ट्रांजिट के माध्यम से अन्य देशों की यात्रा करने वाले यात्री इस उड़ान सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

कतर एयरवेज काठमांडू के अलावा नई दिल्ली, मुंबई, ढाका, बैंकॉक, इस्तांबुल, लंदन, पेरिस सहित एशिया और अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए भी विशेष उड़ानें संचालित कर रही है। फिलहाल मध्यपूर्व क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण कुछ देशों ने हवाई मार्गों पर सतर्कता बढ़ा दी है और कई उड़ानों को रद्द या उनके मार्ग में बदलाव किया गया है।

क्षेत्रीय तनाव के कारण उड़ान प्रबंधन में चुनौतियां बढ़ रही हैं, ऐसे समय में दोहा–काठमांडू हवाई संपर्क का जारी रहना सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

कतर का हमाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा दुनिया के कई देशों के लिए एक प्रमुख ट्रांजिट केंद्र है। वैदेशिक रोजगार में गए कई नेपाली नागरिक इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।

विशेष रूप से मध्यपूर्व में कार्यरत नेपाली श्रमिकों, नेपाल लौटने वाले यात्रियों और विदेश जाने वाले विद्यार्थियों के लिए दोहा–काठमांडू उड़ान बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में उड़ान कार्यक्रम जारी रहने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होने की उम्मीद है।

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से नियमित रूप से अपडेट लेते रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags