ड्रोन हमले के बाद दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा बंद, काठमांडू से सभी उड़ानें रद्द

16 Mar 2026 12:59:53
काठमांडू विमस्थल पर खड़ा फ्लाई दुबई का विमान


काठमांडू, 16 मार्च (हि.स.)। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा बंद होने के बाद काठमांडू से दुबई की ओर उड़ान भरने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। नेपाल की सभी एयरलाइन ने यात्रियों से हवाईअड्डा न आने और अपनी टिकट संबंधी व्यवस्था एयरलाइंस की वेबसाइट के माध्यम से करने का अनुरोध किया है।

अमेरिका–इजराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद 28 फरवरी से दुबई हवाईअड्डा छह दिनों तक बंद रहा था। इस दौरान भी काठमांडू से दुबई सहित सभी खाड़ी देशों की उड़ाने स्थगित कर दी थी। युद्ध शुरू होने के बाद खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ गई हैं। विशेष रूप से खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी कूटनीतिक मिशनों और सैन्य अड्डों के साथ-साथ तेल अवसंरचना, बंदरगाहों, हवाईअड्डों, होटलों तथा आवासीय और कार्यालय भवनों को भी निशाना बनाया जा रहा है।

दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास सोमवार को हुए ड्रोन हमले के कारण एक ईंधन टैंक में आग लग गई। इसके बाद यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हवाईअड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। दुबई से सोमवार को काठमांडू के लिए फ्लाई दुबई, नेपाल एयरलाइंस और हिमालय एयरलाइंस की उड़ानें निर्धारित थीं। इसके साथ ही काठमांडू से दुबई की ओर उड़ान भरने वाले फ्लाई दुबई, एमिरेट्स, हिमालय एयरलाइंस और नेपाल एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें स्थगित कर दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0