नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा के कटक स्थित अस्पताल में आग लगने की घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि कटक के एक अस्पताल में हुई दुखद अग्निकांड की घटना में लोगों की मौत से वे गहरे दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कटक के अस्पताल में हुई दुखद आग की घटना में बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान से वे अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि कटक स्थित अस्पताल में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के आश्रित को दो लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार