शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

16 Mar 2026 11:17:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे ये दोनों सूचकांक रिकवरी कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहे। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.05 प्रतिशत और निफ्टी 0.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ग्रासिम इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, इंटरग्लोब एवियशन और टाटा स्टील के शेयर 2.47 प्रतिशत से लेकर 1.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, कोल इंडिया, ओएनजीसी, मैक्स हेल्थकेयर और डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज के शेयर 1.63 प्रतिशत से लेकर 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,045 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 882 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,163 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 32 शेयर हरे निशान में और 18 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 148.13 अंक की कमजोरी के साथ 74,415.79 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही पहले पांच मिनट में ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण यह सूचकांक गिर कर 74,384.61 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में खरीदारी शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 38.93 अंक की बढ़त के साथ 74,602.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 35 अंक टूट कर 23,116.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण यह सूचकांक थोड़ी ही देर में गिर कर 23,098 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से पहले 15 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक सुधर कर हरे निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 39.20 अंक की मजबूती के साथ 23,190.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 1,470.50 अंक यानी 1.93 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,563.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 488.05 अंक यानी 2.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,151.10 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0