
कोलकाता, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर वाम मोर्चा ने 192 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची सोमवार को जारी कर दी है। वाम मोर्चा के अध्यक्ष विमान बोस ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। सूची में माकपा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, फारवर्ड ब्लॉक, आरएसपी सहित सहयोगी दलों के बीच सीटों का बंटवारा दिखाई देता है।
माकपा के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने नाटाबाड़ी और तुफानगंज सीटों पर बाद में संशोधन की जानकारी भी दी। घोषित सूची से स्पष्ट है कि माकपा ने सबसे अधिक सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि फारवर्ड ब्लॉक, आरएसपी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को भी महत्वपूर्ण सीटें दी गई हैं।
उत्तर बंगाल की कई सीटों पर वाम मोर्चा ने अपने संगठन से जुड़े अनुभवी नेताओं को मैदान में उतारा है। इनमें प्रमुख रूप से सिलिगुड़ी से शरदिंदु चक्रवर्ती, जलपाईगुड़ी से देबराज बर्मन, रायगंज से जीवनानंद सिंह, बालुरघाट से अर्णब चौधरी और गंगारामपुर से बिप्लब बर्मन शामिल हैं ।
कोलकाता और आसपास के शहरी क्षेत्रों में भी वाम मोर्चा ने पहचान वाले चेहरों को उम्मीदवार बनाया है। इनमें जादवपुर से विकास रंजन भट्टाचार्य, काशीपुर-बेलगछिया से राजिंदर गुप्ता, बेहाला पूर्व से निलय मजूमदार, बेहाला पश्चिम से निहार भक्त, कोलकाता पोर्ट से फैज खान शामिल हैं।
इसके अलावा दक्षिण 24 परगना और तटीय क्षेत्रों में भी वाम मोर्चा ने अपने पारंपरिक वोट आधार को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार उतारे हैं। सागर से स्वपन सिंह, काकद्वीप से नारायण दास और रायदीघी से साम्य गांगुली को टिकट दिया गया है।
वहीं, जंगलमहल और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भी वाम मोर्चा ने अपने जनाधार वाले नेताओं को टिकट दिया है। झाड़ग्राम से अर्जुन महतो, केशियारी से मलिना मुर्मू, बिनपुर से रबी सिंह सरदार और रानीबांध से देबलीना हेम्ब्रम को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके साथ ही, आसनसोल और दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में भी वाम मोर्चा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। आसनसोल दक्षिण से शिल्पी चक्रवर्ती, दुर्गापुर पूर्व से सीमांत चटर्जी और दुर्गापुर पश्चिम से प्रभास साईं को टिकट दिया गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वाम मोर्चा ने इस सूची के जरिए अपने पारंपरिक कैडर, जमीनी नेताओं और सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी है। उम्मीदवारों के चयन में संगठनात्मक सक्रियता और स्थानीय पहचान को महत्व दिया गया है।
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए होने वाले विधानसभा चुनाव में वाम मोर्चा की यह सूची विपक्षी राजनीति को नई दिशा देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है। आने वाले दिनों में बाकी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर