पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता, अजय कुमार नंदा कोलकाता के नए पुलिस कमिश्नर बने

16 Mar 2026 13:27:53
निर्वाचन आयाेग (फाइल फाेटाे)


कोलकाता, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़े पैमाने पर बदलाव जारी रखते हुए अब पुलिस के शीर्ष स्तर पर भी फेरबदल किया है। मतदान कार्यक्रम घोषित होने के 24 घंटे के भीतर कोलकाता के पुलिस आयुक्त और राज्य पुलिस के कार्यवाहक महानिदेशक को बदल दिया गया है।

चुनाव आयोग ने कोलकाता के पुलिस आयुक्त सु्प्रतिम सरकार को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार नंदा को नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं पियूष पांडे की जगह 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्धिनाथ गुप्ता को राज्य का कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) विनीत गोयल को भी पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय मुकुंद रनाडे को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी नटराजन रमेशबाबू को महानिदेशक (कारागार) नियुक्त किया गया है।

चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि नए पुलिस आयुक्त और नए कार्यवाहक डीजी को सोमवार दोपहर तीन बजे तक अपना कार्यभार संभालना होगा।

गौरतलब है कि, रविवार को दिल्ली से चुनाव कार्यक्रम घोषित करते समय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट कहा था कि कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और हिंसामुक्त चुनाव कराना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इसी क्रम में मतदान कार्यक्रम की घोषणा के कुछ घंटों के भीतर ही राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को भी उनके पदों से हटा दिया गया था। उनकी जगह क्रमशः दुश्मंत नारियाला और संगमित्रा घोष को नियुक्त किया गया।

इन बदलावों के बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि पुलिस प्रशासन के शीर्ष स्तर पर भी जल्द परिवर्तन हो सकता है, जिसे सोमवार सुबह चुनाव आयोग ने अमल में ला दिया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0