युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने जासूसी के आरोप में 500 लोगों को पकड़ा

16 Mar 2026 19:10:53
अरेस्ट


तेहरान/इस्तांबुल, 16 मार्च (हि.स.)। अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच ईरान में बड़ा सुरक्षा अभियान चलाया गया है। ईरानी पुलिस प्रमुख के अनुसार जासूसी के आरोप में कम से कम 500 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर दुश्मन देशों के लिए काम करने और लंदन स्थित ईरान इंटरनेशनल टीवी को संवेदनशील जानकारी देने का आरोप है।

तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडाेलू ने ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के हवाले से बताया कि पुलिस प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल अहमदरेजा रादान ने रविवार को कहा कि इन लोगों को “दुश्मन और विरोधी मीडिया के लिए जासूसी करने” के संदेह में पकड़ा गया है।

रादान ने दावा किया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से करीब 250 लोगों ने लंदन स्थित ब्रॉडकास्टर ईरान इंटरनेशनल टीवी को खुफिया जानकारी दी थी। उनके मुताबिक इस जानकारी में हमलों के लिए लक्षित स्थानों से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं भी शामिल थीं।

उन्होंने कहा कि कुछ संदिग्ध हथियारबंद समूहों से जुड़े हुए थे और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस प्रमुख ने इन लोगों को “जासूस” बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने दुश्मन और विरोधी मीडिया संस्थानों को महत्वपूर्ण जानकारी लीक की।

ईरानी सरकार ने 2022 में ईरान इंटरनेशनल टीवी को “आतंकवादी संगठन” घोषित किया था। सरकार का आरोप है कि यह चैनल देश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बारे में भ्रामक जानकारी फैलाता है और प्रदर्शनकारियों को हिंसा के लिए उकसाता है। साथ ही सरकार ने ईरान में उसके कर्मचारियों की संपत्तियां जब्त करने की भी घोषणा की थी।

यह गिरफ्तारियां ऐसे समय में हुई हैं जब 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल ईरान पर लगातार संयुक्त हमले कर रहे हैं। ईरानी अधिकारियों के अनुसार इन हमलों में तत्कालीन सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई सहित लगभग 1,300 लोगों की मौत हो चुकी है।

ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। उसने इजरायल के अलावा जॉर्डन, इराक और खाड़ी देशों के कुछ इलाकों को निशाना बनाया है। ईरान ने कहा कि उसके हमलों का लक्ष्य अमेरिका के सैन्य ठिकाने हैं। इन हमलों के कारण कुछ नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है और कई लोगों की जान भी गई है। साथ ही इस तनाव का असर वैश्विक बाजारों और अंतरराष्ट्रीय विमानन क्षेत्र पर भी देखा जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0