अंडर-19 क्रिकेट चयन ट्रायल में 165 खिलाड़ियों ने आजमाई किस्मत

17 Mar 2026 21:03:53
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ( डीएसए ) मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता


मुरादाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की अंडर-19 टीम के लिए आयोजित प्रारम्भिक चयन ट्रायल में दूसरे दिन 165 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता एडवोकेट ने मंगलवार को बताया कि आज जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसए) की ओर से मुरादाबाद, अमरोहा और संभल जिलों के पंजीकृत खिलाड़ियों के ट्रायल एमपीएस पब्लिक स्कूल के खेल मैदान पर आयोजित किए गए। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान कई कम आयु के खिलाड़ियों ने भी अपने खेल से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

चयन समिति में पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता और मुख्य चयनकर्ता जॉइंट सेक्रेटरी बदरूद्दीन सिद्दीकी शामिल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखा और अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अवसर देने पर जोर दिया। चयन प्रक्रिया के दौरान डीएसए सदस्य नजाकत अली और मो. हसीन की अहम भूमिका रही।

इस मौके पर मिर्जा दानिश आलम, मोहम्मद शाहिद, सलीम खान, ऋषिका यादव, रोहित चौधरी, तालिब मालिक, मोहम्मद नाजिम और अंकित गुप्ता आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0