मुख्यमंत्री योगी ने कैलाश मानसरोवर के यात्रियों को वितरित की 5.5 करोड़ रुपये की सहायता राशि

17 Mar 2026 17:53:53
कैलाश मानसरोवर यात्री को चेक प्रदान करते सीएम योगी


लखनऊ, 17 मार्च (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कैलाश मानसरोवर के 555 तीर्थ यात्रियों को एक-एक लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की। यह सभी श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर की यात्रा करके वापस आए हैं।

दरअसल, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मानसरोवर यात्रा को बढ़ावा देने के लिए पर यात्रियों उनके खर्च होने वाली राशि में से एक लाख रुपये का अनुदान दे रही है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मारसरोवर की यात्रा कर चुकने वाले सभी श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। इस मौके पर

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत में प्राचीन समय से ही यात्रा पर लोग जाते हैं। यह यात्राएं समाज और राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने के लिए मददगार रही हैं। इससे लोगों को रोजगार मिलता है। याद कीजिये जब आदि शंकर ने केरल से निकलकर देश के चार कोनों में चार पीठों की स्थापना की। तब एक सरकार नहीं थी। तमाम राजा रजवाड़े थे, लेकिन सांस्कृतिक रूप से पूरा देश एक था।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2025 में 164 करोड़ श्रद्धालु उत्तर प्रदेश की धरती पर आए। इसमें 66 करोड़ केवल प्रयागराज महाकुंभ में आए। इसके साथ ही वाराणसी, अयोध्या, मथुरा जैसे क्षेत्रों में श्रद्धालुजनों का आगमन हुआ। यह एक चुनौती भी है। यह चुनौती के साथ अवसर भी होता है। सरकार अपने स्तर पर प्रयास करती है कि उन्हें अच्छी सुविधा दिया जा सके। कैलाश मानसरोवर की यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें दूसरे देश के संपर्क में आना होता है। उनके व्यवहार को हम सब जानते हैं। ऐसी विपरीत परिस्थिति में भी हमारी आस्था भारी पड़ती है। देवाधिदेव महादेव का दर्शन करते हैं। डबल इंजन की सरकार का पूरा फोकस इस बात को लेकर है कि इस क्षेत्र में जो भी संभावनाएं हैं, उसे हम तेजी से आगे बढ़ा सकें। इसके माध्यम से हम रोजगार के अवसर भी देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न धार्मिक पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए पिछले आठ वर्षों में सरकार ने सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। श्रद्धालुओं के कैलाश मानसरोवर की यात्रा में आ रही परेशानियों को उठाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इसे लेकर विदेश मंत्रालय से वार्ता करेंगे। हम चाहेंगे कि गाजियाबाद मानसरोवर भवन में ही सारी समस्याओं का समाधान हो जाए। पर्यटन भवन से हमने कहा है कि कैलाश मानसरोवर भवन का बेहतर ढंग से रखरखाव किया जाए। योगी ने कहा कि कैलाश मानसरोवर जाने का आप लोगों को अवसर मिला है। उत्तराखंड में चार धाम है। देश के अंदर भी चार धाम हैं। उत्तर और दक्षिण को जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयास किए हैं। पिछले कुछ वर्षों से वाराणसी में काशी तमिल संगमम का आयोजन किया जा रहा है। काशी में विश्वनाथ बाबा हैं तो तमिलनाडु में रामेश्वरम हैं।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने श्लोक पढ़कर भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया और कहा कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं। इस मौके पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Powered By Sangraha 9.0