
नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन को न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) की पुरुष टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वे ग्रेग शिप्पर्ड की जगह लेंगे और जून से अपना कार्यभार संभालेंगे। ग्रेग का कार्यकाल उनके अनुबंध में एक साल शेष रहते हुए ही समाप्त कर दिया गया था।
48 वर्षीय हैडिन नवंबर 2014 में क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के बाद पहली बार वापसी कर रहे हैं। हैडिन अपने साथ कोचिंग का व्यापक अनुभव लेकर आए हैं। हैडिन ने इससे पहले डैरेन लेहमैन और जस्टिन लैंगर के मार्गदर्शन में ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के सहायक और फील्डिंग कोच के रूप में काम किया है। वह वर्तमान में इंडियन प्रीमियर लीग में रिकी पोंटिंग की कोचिंग वाली पंजाब किंग्स के सहायक कोच हैं और इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के भी सहायक कोच रह चुके हैं।
हैडिन ने एक बयान में कहा, एनएसडब्ल्यू क्रिकेट मेरे जीवन का एक अभिन्न अंग रहा है और मुख्य कोच के रूप में इस टीम में फिर से शामिल होना मेरे और मेरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।''
उन्होंने कहा, मैं हमारे मौजूदा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं ताकि एनएसडब्ल्यू क्रिकेट में एक नई जान फूंकी जा सके और एक ऐसी टीम बनाई जा सके जिसकी खेल शैली दमदार और विशिष्ट हो, जिस पर हम सभी गर्व कर सकें।
क्रिकेट एनएसडब्ल्यू के मुख्य कार्यकारी ली जर्मन ने कहा कि ब्रैड एक बेहद सम्मानित कोच हैं, जिनके पास अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी स्तर पर अनुभव है। साथ ही उन्हें एनएसडब्ल्यू की खेल शैली की गहरी समझ भी है। हमें गर्व है कि ब्रैड हमारी ब्लूज टीम का मार्गदर्शन करेंगे और हम जून से उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। -----------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह