रायगढ़ स्टेडियम में 19 मार्च से शुरू होगा एमएसपी कार्डिनल कप सीजन 9

18 Mar 2026 14:58:53
कार्डिनल कप के लिए पत्रकार वार्ता


रायगढ़ , 18 मार्च (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के टेनिस बॉल क्रिकेट के प्रेमियों के लिए इंतजार की घड़ियाँ अब खत्म होने वाली हैं। 19 मार्च से एमएसपी कार्डिनल कप सीजन 9 अपने पूरे वैभव और भव्यता के साथ लौटने के लिए तैयार है। यह केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने से आने वाले खिलाड़ियों के लिए अपनी किस्मत और हुनर को आजमाने का एक महामंच है।

कार्डिनल कप आयोजन समिति ने प्रेसवार्ता में टूर्नामेंट के बारे में विस्तार से बताया। टूर्नामेंट नॉक आउट सिस्टम से खेला जाएगा। जिसमें कुल 32 मैच होंगे। हर दिन चार मैच होंगे और हर मैच 8-8 ओवर का होगा। सेमीफाइनल और फाइनल मैच 12 ओवर का खेला जाएंगे। प्रशासन 11 और पत्रकार 11 के मैच से टूर्नामेंट का उद्घाटन होगा।सीजन 9 की तैयारियों को लेकर आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि इस बार मैदान की सजावट, पिच की गुणवत्ता और प्रकाश व्यवस्था को पिछले सभी आठ सीजनों से बेहतर बनाया गया है।

टूर्नामेंट में कुल 32 टीमें शिरकत कर रही हैं। इन टीमों का चयन काफी कड़े मापदंडों के आधार पर किया गया है। कार्डिनल कप की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसमें किसी एक क्षेत्र के नहीं, बल्कि भारत के कोने-कोने से खिलाड़ी आ रहे हैं। मुंबई के तेजतर्रार टेनिस क्रिकेट स्टार्स से लेकर उत्तर भारत के धाकड़ बल्लेबाजों और मध्य भारत के चतुर गेंदबाजों तक, यहाँ ‘विविधता में एकता’ का नजारा दिखेगा।

एमएसपी कार्निडल कप की आयोजन समिति कार्डिनल रोटी बैंक ने इस बार इनामी राशि में भारी बढ़ोतरी की है । प्रथम पुरस्कार अपने नाम करने वाली टीम को दो लाख रुपये की भारी-भरकम नकद राशि और एक भव्य ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।फाइनल में कड़ी टक्कर देकर दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को एक लाख रुपये से सम्मानित किया जाएगा।

हर मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’, सर्वश्रेष्ठ अनुशासित टीम, और टूर्नामेंट के अंत में ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के लिए विशेष उपहार और नकद पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। मैदान में मैच का आनंद लेने आए दर्शकों के लिए आयोजन समिति ने आकर्षक उपहार रखें हैं।

कार्डिनल रोटी बैंक के अध्यक्ष अरुण उपाध्याय कहते हैं कि खेल दर्शकों के बिना अधूरा है। इसलिए, मैदान में आने वाले दर्शकों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। बाउंड्री लाइन के बाहर बैठने वाले दर्शकों के लिए ‘कैच पकड़ो, इनाम जीतो’ जैसे कई छोटे कॉन्टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक मैच के दौरान और फाइनल के दिन मैदान में मौजूद भाग्यशाली दर्शकों को आकर्षक उपहार (गैजेट्स, खेल किट और अन्य सरप्राइज) दिए जाएंगे।

एमएसपी जो कि इस बार के कार्डिनल कप की टाइटल स्पॉन्सर है के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर बीके सिंह ने बताया कि हम चाहते हैं कि टेनिस बॉल क्रिकेट को भी वही सम्मान मिले जो लेदर बॉल क्रिकेट को मिलता है।

आयोजन समिति के सदस्यों में अजय पटेल, प्रदीप प्रधान, विशाल चंद्रा,यश पटेल ,मयूर मोटवानी, प्रदीप बाखला, राजेन्द्र पटेल, किशन साहू,अमित दीक्षित, अभिलाष पंडा,संजू साव,महेश, दिनेश मालाकार, मनोज साहा,अमित जाना,आशीष डनसेना, एवं समिति के सदस्यों ने पूरे दो महीने तक इस आयोजन को सफल बनाने के लिए मेहनत की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Powered By Sangraha 9.0