प्रधानमंत्री मोदी 28 मार्च को करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन

18 Mar 2026 18:36:53
फाइल फोटो : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट


लखनऊ, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मार्च को करेंगे। इस बात का ऐलान खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। मुख्यमंत्री याेगी ने बुधवार काे अपनी सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल पूरे होने पर आयोजित एक समारोह में इसकी घाेषणा की है।

मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ आज यहां लोकभवन में 'नवनिर्माण के नौ वर्ष' पर आयोजित कार्यक्रम काे संबाेधित कर रहे थे। इस अवसर पर राज्य सरकार के नौ साल के कार्यकाल के दौरान की उपलब्धियों की एक किताब का भी विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री याेगी ने जेवर एयरपाेर्ट काे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का गेम-चेंजर बताते हुए कहा कि इससे भविष्य में एक लाख करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है। उन्होंने पिछली सरकारों पर चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ लोग 'नोएडा' जाने से डरते थे, लेकिन हमारी सरकार ने वहां जाकर निवेश का माहौल बनाया। उन्हाेंने कहा कि यूपी में अब 16 डोमेस्टिक और 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स का जाल बिछ चुका है, जिसमें जेवर पांचवां और सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। मुख्यमंत्री योगी ने गुरुवार से शुरू हो रहे नवरात्र के नौ दिनों तक सरकार के नौ साल की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रमजान का महीना है, जल्द ही ईद आने वाली है, लेकिन कहीं कोई हलचल या दंगे का भय नहीं है। यही सुशासन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पूरे होने का यह उत्सव नवरात्र तक अनवरत चलेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे गांवों में जाएं और गरीब परिवारों, कारीगरों व महिलाओं को सरकार की लाभकारी योजनाओं के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश को परिवार या जाति के चश्मे से नहीं देखा, बल्कि सबको समान अवसर और सुरक्षा दी है।

उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में जो भी परिवर्तन हुआ है, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर जिले में दो-दो कंपोजिट विद्यालय बनाए जाएंगे और संस्कृत पढ़ने वाले छात्रों के लिए रहने-खाने की मुफ्त व्यवस्था जल्द शुरू होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Powered By Sangraha 9.0