पावरिका लिमिटेड का आईपीओ 24 मार्च को खुलेगा, प्राइस बैंड 375-395 रुपये प्रति शेयर

18 Mar 2026 15:45:53
पावरिका लिमिटेड के आईपीओ लॉन्च पर पावरिका लिमिटेड के पूर्णकालिक डायरेक्टर रितेश अग्रवाल


नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स)। पावर सॉल्यूशन प्रदाता कंपनी पावरिका लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 24 मार्च को खुलेगा। इसमें निवेश करने के लिए निवेशक 27 मार्च तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 375-395 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कंपनी ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि उसका 24 मार्च को खुलकर 27 मार्च को बंद होगा। इसमें निवेश करने के लिए बड़े निवेशक 23 मार्च को बोली लगा पाएंगे। पावरिका लिमिटेड ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 375-395 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इसके शेयर 2 अप्रैल को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होंगे।

पावरिका लिमिटेड की योजना इस इश्यू के जरिए 1,100 करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी का यह आईपीओ 700 करोड़ रुपये के नए शेयर और 400 करोड़ रुपये तक के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है। निवेशक कम से कम 37 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं और उसके बाद 37 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं।

कंपनी इस आईपीओ से प्राप्त राशि में से 525 करोड़ रुपये कंपनी के कर्ज को कम करने में लगाएगी, जबकि शेष का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। ये कंपनी का सार्वजनिक होने का दूसरा प्रयास है। इससे पहले 2019 में पावरिका ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष आईपीओ लाने के लिए मसौदा दस्तावेज दाखिल किए थे, लेकिन योजना को बाद में स्थगित कर दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0