बंगाल विस चुनाव : निर्वाचन आयाेग ने 13 जिलाधिकारियों का किया तबादला

18 Mar 2026 14:23:53
चुनाव आयोग की अधिसूचना


निर्वाचन आयाेग (फाइल फाेटाे)


कोलकाता, 18 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले निर्वाचन आयोग ने प्रशासनिक मशीनरी में लगातार फेरबदल कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को आयोग ने राज्य के 13 जिलाधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें विभिन्न जिलों में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम/डीईओ) के रूप में नियुक्त किया है।

निर्वाचन आयोग की ओर से बुधवार काे जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। आयोग ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालें और उनके पदभार ग्रहण करने की अनुपालन रिपोर्ट 19 मार्च को दोपहर तीन बजे तक भेजी जाए।

आदेश के अनुसार जितिन यादव को कूचबिहार, संदीप घोष को जलपाईगुड़ी, विवेक कुमार को उत्तर दिनाजपुर और रजनीर सिंह कपूर को मालदा का डीएम/डीईओ बनाया गया है।

इसी तरह आर. अर्जुन को मुर्शिदाबाद, श्रीकांत पाली को नदिया, स्वेता अग्रवाल को पूर्व बर्दवान तथा स्मिता पांडेय को कोलकाता उत्तर का नगर आयुक्त सह जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा रणधीर कुमार को कोलकाता दक्षिण का जिला निर्वाचन अधिकारी, शिल्पा गौरिसारिया को उत्तर 24 परगना, अभिषेक कुमार तिवारी को दक्षिण 24 परगना, हरिशंकर पनिक्कर को दार्जिलिंग तथा टी. बालासुब्रमणियन को अलीपुरद्वार का डीएम-कम-डीईओ बनाया गया है।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें तत्काल नई जिम्मेदारी संभालनी होगी। साथ ही जिन अधिकारियों को हटाया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि, चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से आयोग राज्य में शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में लगातार बदलाव कर रहा है। इससे पहले मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक, कोलकाता पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी बदला जा चुका है।

विशेषज्ञों का मानना है कि, केंद्रीय निर्वाचन आयोग का उद्देश्य संवेदनशील जिलों में प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित करना और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराना है।

सूत्रों के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रशासनिक स्तर पर और भी बदलाव किए जा सकते हैं। आयोग राज्य में चुनावी तैयारियों पर कड़ी नजर रखे हुए है और जरूरत के अनुसार अधिकारियों की तैनाती में बदलाव कर रहा है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0