राजस्थान सरकार से वसूला जायेगा पानी का एक लाख 44 करोड़ बकाया : भगवंत मान

18 Mar 2026 19:34:53
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पत्रकाराें से बातचीत करते हुए


- सीएम बोले बकाया दे राजस्थान सरकार या पानी लेना करे बंद

चंडीगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि राजस्थान सरकार से दशकों से बकाया पानी का बिल 1.44 लाख करोड़ रुपये वसूला जाएगा। राजस्थान सरकार को या तो पंजाब के जायज बकाए जारी करने चाहिए या पानी लेना बंद कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था को संचालित करने वाले वर्ष 1920 के ऐतिहासिक समझौते की समीक्षा करने की मांग की।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार काे पत्रकाराें से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार वर्ष 1960 से फिरोजपुर फीडर के जरिए निकाले गए पानी के लिए पंजाब को 1.44 लाख करोड़ रुपये की देनदार है, जिसके लिए एक पैसा भी अदा नहीं किया गया है। राजस्थान को या तो पंजाब का जायज बकाया जारी करना चाहिए या पानी लेना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि साल 1920 के दशक में राजस्थान बीकानेर रियासत, साझा पंजाब और ब्रिटिश राज के बीच हुए एक समझौते के अनुसार प्रति एकड़ के आधार पर पानी का भुगतान करने के लिए सहमत हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 1960 तक भुगतान किए जाते थे, लेकिन सिंधु जल समझौते के बाद राजस्थान ने लगातार 18,000 क्यूसेक पानी लेने के बावजूद भुगतान करना बंद कर दिया।

राजस्थान के रुख में विरोधाभास का जिक्र करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज भी राजस्थान 1920 के समझौते के तहत पानी ले रहा है, लेकिन जब बकाए के भुगतान की बात आती है, तो यह 1960 के समझौते का सहारा ले लेता है। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकारों ने 1960 में नई व्यवस्था में शामिल होते समय भुगतान का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने 1920 के समझौते को भी कभी रद्द नहीं किया।

इस मामले में पिछले समय की कार्रवाइयों पर गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि समझौते में स्पष्ट रूप से हर 25 साल बाद समीक्षा को अनिवार्य किया गया था, लेकिन पिछली सरकारों ने कभी भी इस मुद्दे को नहीं उठाया और न ही पंजाब के जायज दावे की पैरवी की।अगर हम 1960 से 2026 तक के बकाए का हिसाब लगाएं तो राजस्थान पंजाब का 1.44 लाख करोड़ बकाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मुद्दा केंद्र सरकार और राजस्थान सरकार के पास उठाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार साल 1920 के समझौते की समीक्षा की मांग करती है, ताकि पंजाब अपने जायज बकाए की वसूली कर सके। हम इस मुद्दे को सभी मंचों पर जोरदार तरीके से उठाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पंजाब को वह मिले, जो उसका हक है। हम इस पैसे की वसूली के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Powered By Sangraha 9.0