
नैनीताल, 18 मार्च (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य व तेज गेंदबाज एस.श्रीसंत ने बुधवार को कैंची धाम पहुंचकर
बाबा नीब करौरी के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
परिवार के साथ यहां पहुंचे श्रीसंत ने आश्रम में एक घंटे से अधिक समय बिताकर आध्यात्मिक साधना की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यहां आने की उनकी इच्छा थी, जो अब पूरी हुई। आश्रम के मंदिर प्रबंधक प्रदीप साह ने उन्हें प्रसाद भेंट कर आश्रम और उसकी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
श्रीसंत के आगमन की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिनसे उन्होंने आत्मीयता से मुलाकात की। इससे पूर्व हल्द्वानी में आयोजित लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान भी उन्होंने नैनीताल आने की इच्छा जताई थी और यहां की प्राकृतिक सुंदरता तथा खेल सुविधाओं की सराहना की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी