
जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। इंडियन ओपन पोलो चैम्पियनशिप के तहत खेले गए एक रोमांचक एग्जीबिशन मुकाबले में जयपुर ऑप्टिमस अचीवर्स ने जिंदल पैंथर को 9–6 से शिकस्त दी। जयपुर पोलो ग्राउंड्स पर खेले गए इस मुकाबले में बारिश के बावजूद करीब 1,000 दर्शकों ने मैदान में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
मैच की शुरुआत से ही जयपुर ऑप्टीमस अचीवर्स ने आक्रामक खेल दिखाया। अलेजो अराम्बुरु और सवाई पद्मनाभ सिंह ने पहले चुक्कर में दो-दो गोल दागकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। जिंदल पैंथर की ओर से जुआन ग्रिस ज़ावालेता और रामिरो ज़ावालेता ने एक-एक गोल किया, लेकिन पहले चुक्कर के अंत तक स्कोर 4-2 रहा।
दूसरे चुक्कर में अराम्बुरु ने एक और गोल कर बढ़त 5-2 कर दी, जिससे अचीवर्स ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
तीसरे चुक्कर में जिंदल पैंथर ने वापसी की कोशिश की। जुआन ग्रिस ज़ावालेता और नवीन जिंदल ने गोल कर स्कोर 5-4 कर दिया। हालांकि, इसके बाद अचीवर्स ने तेजी से नियंत्रण हासिल करते हुए सवाई पद्मनाभ सिंह और प्रताप सिंह कनोटा के गोल की बदौलत हाफ टाइम तक 7-4 की बढ़त बना ली।
हाफ टाइम के बाद चौथे चुक्कर में सवाई पद्मनाभ सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो और गोल किए। जिंदल पैंथर की ओर से जुआन ग्रिस ज़ावालेता ने एक गोल किया, जिससे स्कोर 9-5 हो गया।
पांचवें चुक्कर में लगातार बारिश के कारण खेल प्रभावित हुआ और इसे अंतिम चुक्कर घोषित करना पड़ा। कठिन परिस्थितियों के बावजूद नवीन जिंदल ने एक गोल किया, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था। अंततः जयपुर ऑप्टीमस अचीवर्स ने 9-6 से जीत दर्ज की।
मैच के बाद नवीन जिंदल ने जयपुर पोलो ग्राउंड्स की ऐतिहासिक अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मैदान एक सदी से अधिक समय से पोलो का केंद्र रहा है और भारतीय पोलो की विरासत का प्रतीक है। उन्होंने 1922 में जोधपुर और पटियाला के बीच खेले गए ऐतिहासिक मुकाबले का भी जिक्र किया, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि बारिश के कारण मैदान फिसलन भरा हो गया था, जिससे घोड़ों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैच को छोटा करना पड़ा। जिंदल ने यह भी कहा कि पोलो में हर खिलाड़ी कई घोड़े लेकर आता है और ये घोड़े अर्जेंटीना व न्यूजीलैंड जैसे देशों से लाए गए उच्च नस्ल के होते हैं।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने यह साबित किया कि पोलो खेल के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है। खिलाड़ियों ने भी इस समर्थन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह खेल और अधिक लोकप्रिय होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा