मार्च इक्वीनॉक्स : 20 मार्च को सूर्य ठीक पूर्व में उदित और पश्चिम में होगा अस्त

19 Mar 2026 18:48:53
खगोलीय घटना की जानकारी देते हुए विज्ञान प्रसारक सारिका


भोपाल, 19 मार्च (हि.स.)। इस साल 2026 में पहली बार सूर्य शुक्रवार, 20 मार्च को ठीक पूर्व दिशा (ईस्ट) से उदित होकर ठीक पश्चिम (वेस्ट) में अस्त होने जा रहा है। यह घटना 6 महीने के अंतराल (23 सितम्बर 2025) के बाद होने जा रही है।

मप्र की नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने गुरुवार को इस खगोलीय घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 20 मार्च को भारतीय समय के अनुसार शाम 8 बजकर 16 मिनट की स्थिति में मार्च इक्वीनॉक्स की घटना होने जा रही है। इसमें पृथ्वी के झुकाव में सूर्य की परिक्रमा करते रहने के कारण सूर्य भूमघ्य रेखा के ठीक लंबवत होगा।

उन्होंने इस घटना का कारण बताते हुए कहा कि पृथ्वी की धुरी सूर्य की परिक्रमा करने के पथ से लगभग 23.4 डिग्री के कोण पर झुकी होती है, जिससे वर्ष के दौरान सूर्य उत्तर से दक्षिण की ओर गति करता महसूस होता है। जून में पृथ्वी का उत्तरी गोलार्द्ध सूर्य की ओर झुका रहता है, जबकि मार्च और सितंबर में यह भूमध्य रेखा के लंबवत रहता है। वहीं दिसम्बर में दक्षिण गोलार्द्ध को अधिक सूर्य प्रकाश प्राप्त होता है।

सारिका ने बताया कि अधिकांश मीडिया में इसे दिन रात बराबर होने की घटना के रूप मे बताया जाता है, जबकि वास्तविकता यह है कि इस घटना के लगभग पांच दिन पहले ही 15 मार्च को दिन और रात बराबर हो चुके हैं। समय बराबर होने की घटना इक्वीलक्स कहलाती है, जबकि मार्च इक्वीनॉक्स में सूर्य उदय ठीक पूर्व दिशा में होता है तथा सूर्यास्त भी ठीक पश्चिम दिशा में होता है। अधिकांश लोग इस घटना को 21 मार्च को ही होना बताते हैं, जबकि यह 20 या 21 मार्च को हो सकती है। भारत में यह घटना इस साल 20 मार्च को हो रही है।

सारिका ने बताया कि आज मार्च को सूर्य भूमध्यरेखा के ठीक लंबवत होगा। इससे सूर्य ठीक पूर्व दिशा में उदित होगा तथा ठीक पश्चिम दिशा में अस्त होगा। यह घटना साल में सिर्फ दो ही दिन होती है। इस साल इसके बाद यह घटना 23 सितम्बर 2026 को होगी।

सारिका ने जानकारी दी कि मार्च इक्वीनॉक्स वह क्षण है जब सूर्य खगोलीय भूमध्य रेखा को दक्षिण से उत्तर की ओर पार करता है। खगोलशास्त्री इस बिंदु को फर्स्ट प्वाइंट ऑफ एरीज कहते हैं, जो गणनाओं के लिए जीरो प्वाइंट का काम करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0