'सरके चुनर' गाने पर एनसीडब्ल्यू ने नोरा फतेही, संजय दत्त समेत पांच लोगों को भेजा समन

19 Mar 2026 11:00:53
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर


नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। 'सरके चुनर' गाने पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए नोरा फतेही और संजय दत्त समेत पांच लोगों को समन भेजा है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने आयोग के अधिनियम, 1990 के तहत अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए मीडिया रिपोर्ट्स का संज्ञान लेते हुए “सरके चुनर सरके“ गाने में अश्लीलता और अभद्रता के आरोप लगाए गए हैं।

आयोग ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उक्त सामग्री प्रथम दृष्टया यौन संकेतात्मक, आपत्तिजनक तथा भारतीय न्याय संहिता,आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करती प्रतीत होती है। इस मामले को आयोग ने गंभीरता से लिया है।

आयोग ने अभिनेत्री नोरा फतेही, गीतकार रकीब आलम, अभिनेता संजय दत्त, निर्माता वेंकट के नारायण और निर्देशक किरण कुमार को समन जारी किया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे 24 मार्च को दोपहर 12:30 बजे आयोग के समक्ष उपस्थित हों और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करें। निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने की स्थिति में कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0