रूस ने ईरान के बुशेहर न्यूक्लियर प्लांट के पास हुए हमले की निंदा की

19 Mar 2026 15:40:53
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता, मारिया ज़खारोवा


मॉस्को/इस्तांबुल, 19 मार्च (हि.स.)। रूस ने ईरान के बुशेहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास हुए मिसाइल हमले की निंदा की है। रूस की परमाणु एजेंसी रोसाटॉम ने चेतावनी दी कि परमाणु संयंत्रों के आसपास ऐसे हमले गंभीर सुरक्षा और पर्यावरणीय खतरे पैदा कर सकते हैं।

तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडाेलू और अन्य मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार रूस की सरकारी परमाणु ऊर्जा कंपनी रोसाटॉम ने ईरान के बुशेहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास हुए मिसाइल हमले की कड़ी निंदा की है। कंपनी ने सभी पक्षों से संयम बरतने और परमाणु संयंत्र के आसपास तनाव कम करने की अपील की है।

रोसाटॉम के प्रमुख अलेक्सी लिखाचेव ने एक बयान में कहा कि कंपनी इस हमले को “पूरी तरह अस्वीकार्य” मानती है और संबंधित पक्षों से अपील करती है कि वे किसी भी ऐसी कार्रवाई से बचें, जिससे परमाणु सुरक्षा को खतरा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमले के बावजूद संयंत्र के आसपास रेडिएशन स्तर सामान्य है और किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इससे पहले ईरान की परमाणु एजेंसी ने बताया था कि प्लांट परिसर के पास एक मिसाइल या प्रोजेक्टाइल गिरा, लेकिन इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि यह हमला रिएक्टर से महज कुछ मीटर की दूरी पर हुआ, जो बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना कदम है। मारियाजखारोवा ने अमेरिका और इज़राइल से परमाणु ठिकानों पर हमले बंद करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि ऐसे कदम पूरे क्षेत्र में रेडियोलॉजिकल और पर्यावरणीय आपदा का कारण बन सकते हैं।

रूस ने सभी पक्षों से संयम बरतने और संघर्ष-विराम की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी से इस घटना की स्पष्ट शब्दों में निंदा करने की उम्मीद जताई है।

ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के अनुसार इस हमले में कोई जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0