पश्चिम बंगाल की जनता ममता सरकार के कुशासन से त्रस्तः शिवराज

02 Mar 2026 17:10:53
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान


कोलकाता, 02 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। राज्य की जनता ममता बनर्जी के कुशासन से त्रस्त है। मां, मानुष और माटी का नारा देने वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार में आज मां लहूलुहान है, माटी खून से सनी है और मानुष पीड़ित है।

शिवराज ने यहां एक बयान में कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का मतलब उत्पीड़न, माफिया और भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि टी का मतलब टार्चर और ट्रेजेडी, एम का मतलब मनी, मर्डर और माफिया और सी का मतलब करप्शन, क्राइम और क्रूरता बन गया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बहन-बेटियों पर अत्याचार और अन्याय बढ़े हैं। घुसपैठ और तुष्टीकरण की नीति ने बंगाल में दंगे भड़काए हैं। हिंदुओं को त्योहार मनाने के लिए अनुमति लेनी पड़ती है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। तुष्टीकरण की राजनीति से गुंडों को बढ़ावा मिलता है। बंगाल की जनता अब यह सब और सहन नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में नौजवानों की नौकरियां भ्रष्टाचार ने छीन लीं। शिक्षक भर्ती घोटाले में हजारों युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ। नगरपालिका और स्थानीय निकायों की भर्तियों में भी घोटाले हुए। रोजगार के अवसर छीने गए और भर्तियों में बेईमानी की गई। जो अवसर बचे, वो भी घुसपैठियों को दे दिए गए। चुनाव से पहले बेरोजगारी भत्ता सिर्फ एक नाटक है लेकिन नौजवान अब इनके बहकावे में नहीं आएंगे। युवाओं ने अब बंगाल में परिवर्तन का मन बना लिया है।

शिवराज ने कहा कि टीएमसी में एक नहीं, कई शेख शाहजहां जैसे लोग हैं। जो बहन और बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करते हैं। महिलाओं की इज़्ज़त सुरक्षित नहीं है, यह चिंता का विषय है। अब बहनों के स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा जरूरी है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार यह सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0