कैट ने रसना के साथ किया समझौता, स्वदेशी पेय को बढ़ावा देने की कवायद

02 Mar 2026 19:32:53
कैट ने रसना के साथ एक समझौता ज्ञापन पर किया हस्ताक्षर


कैट ने रसना के साथ एक समझौता ज्ञापन पर किया हस्ताक्षर


नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत तथा वोकल फॉर लोकल–लोकल टू ग्लोबल के विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने सोमवार को नई दिल्ली में रसना के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

एमओयू पर कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया और रसना समूह के चेयरमैन पिरुज खंबट्टा तथा टेक्नोलॉजी कंपनी आई पॉइंट वेंचर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव मलिक ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर चांदनी चौक के सांसद और कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।

खंडेलवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह साझेदारी कैट द्वारा आयोजित होने वाले आगामी भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के संदर्भ में उद्योग और व्यापार जगत के बीच सहयोग को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत रसना प्रा.लि., कैट और आई पॉइंट वेंचर्स प्रा.लि. के बीच पारस्परिक सहयोग के माध्यम से व्यापार विस्तार, डिजिटल समाधान, स्किल डेवलपमेंट, प्रशिक्षण, टेम्पिंग, माइक्रो एंटरप्राइज इनक्यूबेशन, एडवोकेसी और सपोर्ट जैसे विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा।

खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विज़न के तहत यह समझौता स्वदेशी उत्पादों को वैश्विक बाजार में सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आज दुनिया भारत को केवल एक बड़े उपभोक्ता बाजार के रूप में देखती है, लेकिन भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के माध्यम से यह धारणा बदलेगी और भारत एक सशक्त उत्पादक और निर्यातक राष्ट्र के रूप में उभरेगा।

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरतिया ने कहा कि कैट हमेशा से भारतीय रिटेल व्यापार को सशक्त बनाने के लिए कार्य करता रहा है। भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 निश्चित रूप से भारतीय उत्पादों के प्रति वैश्विक धारणा को बदलेगा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाएगा।

रसना ग्रुप के चेयरमैन पिरूज़ खंबट्टा ने कहा कि रासना और कैट संयुक्त रूप से एक भारतीय बी2बी डिजिटल पोर्टल लॉन्च करेंगे, जिसके माध्यम से देशभर के रिटेलर ऑनलाइन ऑर्डर दे सकेंगे। यह पोर्टल लोकल टू ग्लोबल की भावना को साकार करेगा और भारतीय उत्पादों को सीधे व्यापारिक नेटवर्क से जोड़ते हुए उनके विस्तार को गति देगा।

उल्लेखनीय है कि कैट द्वारा आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का आयोजन 01 से 4 मई 2026 तक भारत मंडपम में किया जाएगा। यह महोत्सव देश की विनिर्माण क्षमता, एमएसएमई शक्ति और निर्यात संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0