पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कर्नाटक सरकार सतर्क, यूएई-बहरीन में फंसे कन्नड़वासियों की मदद के प्रयास तेज

02 Mar 2026 14:12:53
CM


बेंगलुरु, 02 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में हाल के दिनों में बढ़ते तनाव को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने वहां की स्थिति पर कड़ी नजर रखी हुई है। राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोमवार को स्पष्ट किया है कि विदेश में रह रहे प्रत्येक कन्नड़वासी की सुरक्षा और कुशल-क्षेम राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में मुख्यमंत्री ने बताया कि हवाई क्षेत्र में बाधाओं और उड़ानों के रद्द होने के कारण लगभग 100 कन्नड़वासी संयुक्त अरब अमीरात में, विशेष रूप से दुबई में फंसे हुए हैं। इसके अतिरिक्त 9 कन्नड़वासी बहरीन में होने की सूचना है। राज्य सरकार इन सभी से संपर्क स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया, “कर्नाटक सरकार आपके साथ मजबूती से खड़ी है। आपकी सुरक्षा और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य आपात संचालन केंद्र तथा सभी जिला आपात संचालन केंद्र चौबीस घंटे सातों दिन सक्रिय हैं। केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय तथा संबंधित देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है, ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।

प्रदेश के मुख्य सचिव की ओर से भारत सरकार को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया है, जिससे कन्नड़वासियों की सुरक्षा, त्वरित सहायता और शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित की जा सके। साथ ही एयरलाइंस कंपनियों से टिकट पुनर्निर्धारण में लचीलापन बरतने और अतिरिक्त वापसी उड़ानों की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद कन्नड़वासियों से अपील की है कि वे शांत रहें और स्थानीय प्रशासन तथा भारतीय दूतावासों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्हें संबंधित दूतावासों में पंजीकरण कराने और जारी हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Powered By Sangraha 9.0