प्रधानमंत्री कार्की का राष्ट्र के नाम संबोधन, निर्वाचन में सक्रिय भागीदारी की अपील

युगवार्ता    02-Mar-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री सुशीला कार्की


काठमांडू, 02 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री ने 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव में सभी मतदाताओं से सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। होली (फागु पूर्णिमा) के अवसर पर सोमवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के लिए सामूहिक सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि देश अपने इतिहास के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है और आगामी चुनाव नागरिकों को अपना भविष्य स्वयं तय करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मतदान केवल किसी उम्मीदवार को चुनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह आपके और आपके बच्चों के भविष्य को आकार देने वाला निर्णय है। उन्होंने मतदाताओं से चुनाव के दिन मतदान केंद्रों तक पहुंचने को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

जेन-जी आंदोलन के बाद की जटिल परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि सरकार ने देश को शांतिपूर्ण दिशा में आगे बढ़ाया है और अब विधि के शासन तथा संवैधानिक व्यवस्था के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी नेपाली नागरिकों के धैर्य और सहयोग से संभव हो सकी है। चुनाव के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और समर्थकों से संयमित और सम्मानजनक ढंग से प्रचार अभियान चलाने की अपील की। साथ ही उन्होंने चुनावी मौन अवधि का पूर्ण पालन करने का भी आह्वान किया।

उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों और सिविल सेवकों की भूमिका की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी निष्पक्षता और समर्पण से चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न होगा। प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि चुनावी सुरक्षा के लिए चारों सुरक्षा निकायों को तैनात किया गया है और संघीय, प्रांतीय तथा स्थानीय सरकारों के बीच समन्वय जारी है। राष्ट्रपति से प्राप्त सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने मित्र राष्ट्रों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की सहायता को भी सकारात्मक बताया।

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक सामग्री और दुष्प्रचार से सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियों को कानूनी दायरे में लाया जाएगा और किसी भी स्थिति में दंडहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने संबोधन में उन्होंने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर भी चिंता व्यक्त की और वहां रह रहे नेपाली नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार की सतर्कता का उल्लेख किया। उनके अनुसार के माध्यम से निरंतर निगरानी की जा रही है और आवश्यक सहूलियत सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री ने सभी पक्षों से फाल्गुन 21 को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और उदाहरणीय बनाने में सहयोग करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags