प्रधानमंत्री मंगलवार को पोस्ट बजट वेबिनार को करेंगे संबोधित

02 Mar 2026 20:58:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “आर्थिक विकास को बनाए रखना और मजबूत करना” विषय पर आयोजित पोस्ट बजट वेबिनार को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह वेबिनार विभिन्न क्षेत्रों को केंद्र में रखते हुए चार अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया जा रहा है। इनमें (i) विनिर्माण, औद्योगिक उन्नयन एवं रणनीतिक क्षेत्र, (ii) सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), वित्त एवं बाजार पहुंच, (iii) सिटी इकोनॉमिक रीजन और (iv) अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स एवं माल ढुलाई जैसे विषय शामिल हैं।

इस पोस्ट बजट वेबिनार में औद्योगिक विस्तार को बढ़ावा देने, प्रौद्योगिकी नेतृत्व को मजबूत करने और महत्वपूर्ण क्षेत्रों की बुनियादी संरचना सुदृढ़ करने के लिए सरकार के दूरदर्शी सुधार एजेंडे को रेखांकित किया जाएगा।

विचार-विमर्श का मुख्य फोकस बजट में निर्धारित प्राथमिकताओं को प्रभावी क्रियान्वयन में परिवर्तित करने पर रहेगा। इसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के अनुभव और सुझावों के आधार पर नीतियों के बेहतर कार्यान्वयन पर बल दिया जाएगा।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0