मिडिल ईस्ट में तनाव का शिकार हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

02 Mar 2026 17:39:53
प्रतीकात्मक


- बाजार की कमजोरी के कारण निवेशकों को एक दिन में 6.55 लाख करोड़ का नुकसान

नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज सप्ताह के पहले ही दिन बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भी घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट का शिकार हुआ था। जियो पॉलिटिकल टेंशन के कारण बने दबाव की वजह से बाजार खुलने पर पहले सेकंड में ही बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 7.80 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई। हालांकि, बाद में खरीदारों ने भी लिवाली का जोर दिखाया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक निचले स्तर से अच्छी रिकवरी करने में सफल हुए। इस रिकवरी के बावजूद शेयर बाजार के निवेशकों के 6.55 लाख करोड़ रुपये दिन भर के कारोबार में स्वाहा हो गए।

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा ईरान के जवाबी हमले की वजह से दुनिया भर के शेयर बाजार में आज गिरावट का रुख बना रहा। कमजोर ग्लोबल संकेत और वैश्विक दबाव के कारण भारतीय शेयर बाजार ने भी आज के कारोबार की जबरदस्त गिरावट के साथ शुरुआत की। हालांकि, खरीदारों ने लिवाली का दम दिखा कर बाजार की गिरावट को कम करने की काफी हद तक कोशिश की। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.29 प्रतिशत और निफ्टी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान डिफेंस, मेटल और हेल्थ केयर को छोड़ कर बाकी सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। खासकर मिडिल ईस्ट देशों में कारोबार करने वाली कंपनियों के शेयरों में आज जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.58 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े छह लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 456.95 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 463.50 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 6.55 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,528 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 824 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,560 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 144 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,975 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 474 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,501 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से तीन शेयर बढ़त के साथ और 27 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से आठ शेयर हरे निशान में और 42 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 2,743.46 अंक की जबरदस्त कमजोरी के साथ 78,543.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले 20 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से दो हजार अंक से अधिक की रिकवरी कर 654.64 अंक की गिरावट के साथ 80,632.55 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। दोपहर दो बजे तक बाजार पर मंदड़ियों का दबाव बना रहा। इसके बाद कारोबार के आखिरी घंटे में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 1,700 अंक की रिकवरी कर 1,048.34 अंक की गिरावट के साथ 80,238.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 519.40 अंक लुढ़क कर 24,659.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे पहले 20 मिनट में ही निफ्टी ओपनिंग लेवल से 330.10 उछल कर 24,989.35 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल एक बार फिर कमजोर होने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक 575.15 अंक टूट कर 24,603.50 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर लगाया, जिसके कारण निफ्टी निचले स्तर से 262.20 अंक सुधर कर 312.95 अंक की गिरावट के साथ 24,865.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.08 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.65 प्रतिशत, ओएनजीसी 0.89 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल 0.89 प्रतिशत और डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 0.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एवियशन 6.36 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 4.95 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 3.33 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 3.16 प्रतिशत और टीएमपीवी 3.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0