
नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने राजस्थान के बीकानेर जिले में मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की। इसमें एयरटेल और जियो कॉल सेटअप सफलता दर में टॉप पर रहे।
केंद्रीय संचार मंत्रालय ने बताया कि जनवरी में बीकानेर शहर, नोखा और श्रीडूंगरगढ़ कस्बों, देशनोक से नोरंगदेसर हाईवे (एनएच-754ए) और पूगल से रंजीतपुरा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-911) पर किए गए इस टेस्ट में सभी सेवा प्रदाताओं के मोबाइल नेटवर्क की वास्तविक प्रदर्शन क्षमता को परखा गया। कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल ड्रॉप, कॉल क्वालिटी, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे प्रमुख मानकों पर निगरानी रखी गई। टेस्ट के लिए उन्नत हैंडसेट और सॉफ्टवेयर सिस्टम का इस्तेमाल किया गया।
बीकानेर शहर, नोखा और श्रीडूंगरगढ़ में किए गए टेस्ट में एयरटेल और जियो की कॉल सेटअप सफलता दर लगभग 100 प्रतिशत रही, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन आइडिया में कुछ कमी दर्ज की गई। डेटा सेवाओं में जियो ने 5जी डाउनलोड स्पीड में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया।
देशनोक से नोरंगदेसर हाईवे पर एयरटेल और जियो की कॉल सफलता दर 100 प्रतिशत रही, जबकि बीएसएनएल और वीआई में गिरावट देखी गई। वहीं पूगल से रंजीतपुरा हाईवे पर जियो ने कॉल सेटअप में 100 प्रतिशत सफलता हासिल की, जबकि वीआई की दर सबसे कम रही।
ट्राई ने कहा कि इन नतीजों को उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए वेबसाइट और अखबारों में प्रकाशित किया जाएगा ताकि सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवाएं सुधारने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर